जयपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में श्री भवानी निकेतन कॉलेज के प्रांगण में एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें एक हजार से अधिक लोगों ने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। इस कार्यक्रम ने योग और ध्यान के प्रति जनमानस की गहरी रुचि को एक नई दिशा प्रदान की। हार्टफुलनेस के कुशल योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित प्रतिभागियों ने योगासन, ध्यान मुद्रा और प्राणायाम जैसी योगिक विधाओं का बारीकी से अभ्यास किया। प्रशिक्षकों ने विभिन्न योग मुद्राओं के माध्यम से प्रतिभागियों को शारीरिक और मानसिक ऊर्जा के संतुलन को समझने में मदद की।

इस आयोजन का मुख्य आकर्षण 'हार्टफुलनेस ध्यान' रहा, जिसने उपस्थित जनसमूह को आत्मिक शांति और आंतरिक संतुलन का एक अनूठा अनुभव प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान 'ब्राइटर माइंड्स' तकनीक का प्रदर्शन भी विशेष रूप से चर्चा का केंद्र रहा। इस तकनीक के माध्यम से युवाओं और बच्चों में मानसिक क्षमताओं को जागृत करने की प्रेरणा दी गई। प्रदर्शन के दौरान ब्राइटर माइंड्स के छात्रों ने आंखों पर पट्टी बांधकर वस्तुओं को स्पर्श के माध्यम से पहचानने, कार्ड्स को पढ़ने और अन्य आश्चर्यजनक मानसिक कौशल का प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने में सफल रहा, बल्कि एकाग्रता और मानसिक स्पष्टता के महत्व को भी प्रभावी ढंग से रेखांकित किया।

Next Story