अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जयपुर में योग, ध्यान और सकारात्मक जीवनशैली को समर्पित एक भव्य आयोजन होने जा रहा है। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार की सहभागिता में हार्टफुलनेस संस्था एवं श्री भवानी निकेतन शिक्षा समिति द्वारा 21 जून को श्री भवानी निकेतन कॉलेज ग्राउंड, सीकर रोड पर विशाल योग एवं ध्यान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में 2000 से अधिक लोगों के भाग लेने की संभावना जताई गई है।

प्रातः 6:00 बजे से 7:30 बजे तक आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य योग को केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित न रखकर उसे एक समग्र जीवन पद्धति के रूप में स्थापित करना है। आयोजकों के अनुसार योग और ध्यान का समन्वय व्यक्ति के शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जिससे स्वस्थ और सकारात्मक जीवन की दिशा में प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को प्राणायाम, योगासन, विभिन्न स्वास्थ्यवर्धक मुद्राओं, हार्टफुलनेस रिलेक्सेशन तथा निर्देशित ध्यान का अनुभव कराया जाएगा। इसके साथ ही ध्यान की वैज्ञानिक और सरल पद्धति से भी परिचित कराया जाएगा, जिससे लोग तनावमुक्त और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।

इस आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण ब्राइटर माइंड्स तकनीक का प्रदर्शन भी रहेगा। कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं की मानसिक क्षमताओं, एकाग्रता, स्मरण शक्ति तथा अंतर्निहित संभावनाओं के विकास से जुड़ी इस तकनीक का परिचय कराया जाएगा। ब्राइटर माइंड्स के प्रशिक्षित छात्र आंखों पर पट्टी बांधकर केवल स्पर्श और अनुभूति के आधार पर वस्तुओं की पहचान करने, कार्ड पढ़ने तथा अन्य रोचक प्रदर्शन प्रस्तुत करेंगे, जो प्रतिभागियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

हार्टफुलनेस संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि योग और ध्यान का नियमित अभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक और भावनात्मक संतुलन को भी मजबूत करता है। इसी उद्देश्य के साथ समाज के सभी वर्गों से परिवार सहित कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया गया है।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम योग, ध्यान और समग्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को संतुलित, सकारात्मक और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story