गुप्त वृन्दावन धाम द्वारा आयोजित इंटरनेशनल गीता ओलिंपियाड 2026 का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह रविवार 24 मई को आयोजित किया जाएगा। वैश्विक स्तर पर आयोजित इस ऑनलाइन प्रतियोगिता में देश-विदेश से हजारों प्रतिभागियों ने भाग लेकर भगवद्गीता के प्रचार-प्रसार और आध्यात्मिक चेतना के विस्तार को नई दिशा दी है। समारोह में विजेताओं को प्रथम पुरस्कार ‘गीता रत्न’, द्वितीय पुरस्कार ‘गीता विभूषण’ और तृतीय पुरस्कार ‘गीता भूषण’ से सम्मानित किया जाएगा।

इंटरनेशनल गीता ओलिंपियाड 2026 में इस वर्ष 24 राज्यों और 161 शहरों सहित देश-विदेश से कुल 2790 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता की विशेष बात यह रही कि पहली बार इसे पूर्णतः निःशुल्क रखा गया। प्रतियोगिता के लिए विशेष रूप से भगवद्गीता के अध्याय 13 से 18 तक का अध्ययन करवाया गया, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों को गीता के आध्यात्मिक और दार्शनिक संदेश से जोड़ा गया।

प्रतियोगिता में जयपुर के डॉ. केवल कृष्ण गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 51 हजार रुपये का ‘गीता रत्न’ पुरस्कार अपने नाम किया। कोटा के यशस्वी श्रृंगी ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर 21 हजार रुपये का ‘गीता विभूषण’ सम्मान हासिल किया, जबकि कोटा की नेहा महावर को तृतीय स्थान पर 11 हजार रुपये के ‘गीता भूषण’ पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

पुरस्कार वितरण समारोह में अन्य विजेताओं को ‘गीताश्री’, ‘गीता पुरस्कार’ और मेरिट सर्टिफिकेट्स भी प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रतिभागियों के लिए जयपुर हेरिटेज एवं देव-दर्शन यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस यात्रा के दौरान जयपुर के प्राचीन मंदिरों, ऐतिहासिक धरोहरों तथा वृंदावन से पधारे गोविंद देव जी सहित सात प्रमुख विग्रहों की परंपरा से जुड़े स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे। प्रतिभागियों को जयपुर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से भी परिचित कराया जाएगा।

गुप्त वृन्दावन धाम के अध्यक्ष अमितासना दास ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गीता जीवन का आध्यात्मिक प्रकाश है और इसी प्रकाश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राज्य स्तर पर शुरू किया गया गीता ओलिंपियाड अब वैश्विक स्तर तक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि भारतीय आध्यात्मिक संस्कृति और सनातन ज्ञान परंपरा को विश्व स्तर पर स्थापित करने का एक सशक्त अभियान बन चुका है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story