इंटरनेशनल गीता ओलिंपियाड 2026: जयपुर में पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न
जयपुर के गुप्त वृन्दावन धाम द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के 24 राज्यों से 2790 प्रतिभागियों ने भाग लिया, डॉ. केवल कृष्ण गुप्ता रहे विजेता।

जयपुर में आयोजित इंटरनेशनल गीता ओलिंपियाड 2026 के पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करते अतिथि और आयोजन समिति के सदस्य।
जयपुर। जयपुर स्थित गुप्त वृन्दावन धाम द्वारा आयोजित 'इंटरनेशनल गीता ओलिंपियाड 2026' का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह रविवार, 24 मई को अभूतपूर्व उत्साह के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन केवल एक प्रतियोगिता का समापन नहीं, बल्कि श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक जागरण और भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रचार का एक प्रेरणादायी अभियान बनकर उभरा है। इस वैश्विक ऑनलाइन प्रतियोगिता में देश के 24 राज्यों और 161 शहरों से कुल 2790 प्रतिभागियों ने पूरे मनोयोग से सहभागिता की। इस वर्ष की प्रतियोगिता की विशिष्टता यह रही कि इसे पहली बार पूर्णतः निःशुल्क आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों को विशेष रूप से श्रीमद्भगवद्गीता के अध्याय 13 से 18 का गहन अध्ययन कराया गया।
समारोह के मुख्य आकर्षण पुरस्कार वितरण प्रक्रिया रही, जिसमें जयपुर के डॉ. केवल कृष्ण गुप्ता ने सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर ₹51,000 का प्रतिष्ठित “गीता रत्न” पुरस्कार अपने नाम किया। प्रतियोगिता में कोटा के यशस्वी श्रृंगी को द्वितीय स्थान के लिए ₹21,000 का “गीता विभूषण” सम्मान और कोटा की ही नेहा महावर को तृतीय स्थान के लिए ₹11,000 का “गीता भूषण” पुरस्कार प्रदान किया गया। इनके अतिरिक्त अन्य मेधावी विजेताओं को गीताश्री, गीता पुरस्कार एवं मेरिट सर्टिफिकेट्स से अलंकृत किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों के लिए जयपुर हेरिटेज एवं देव-दर्शन यात्रा का भी विशेष आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने जयपुर के प्राचीन मंदिरों, ऐतिहासिक धरोहरों और वृंदावन से पधारे श्री श्री गोविंद देव जी सहित सात प्रमुख विग्रहों के दर्शन किए। इस यात्रा का उद्देश्य प्रतिभागियों को जयपुर की समृद्ध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से गहराई से परिचित कराना था।
गुप्त वृन्दावन धाम के अध्यक्ष अमितासना दास ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि भगवद्गीता जीवन का आध्यात्मिक प्रकाश है और इस प्रकाश को जन-जन तक पहुँचाने का यह अभियान निरंतर विस्तार ले रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और इंटरनेशनल गीता ओलिंपियाड के मुख्य सहयोगकर्ता, ओके प्लस बिल्डर्स के अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश मोदी ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवद्गीता आज के युग में जीवन की जटिल समस्याओं का समाधान देने वाला महत्वपूर्ण ग्रंथ है। उन्होंने आह्वान किया कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसके अध्ययन और प्रचार में आगे आना चाहिए तथा सनातन मूल्यों के प्रसार में अपना योगदान देना चाहिए। ओके प्लस बिल्डर्स द्वारा हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया। समारोह का समापन भव्य कीर्तन, समूह छायाचित्र और प्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तगण, अभिभावक, विद्यार्थी और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
