केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रेल भवन परिसर में तिरंगा रैली का नेतृत्व किया। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और CEO श्री सतीश कुमार, बोर्ड के सदस्य, DG और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने रैली में हिस्सा लेकर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की सामूहिक भावना को दोहराया।

भारतीय रेलवे देशव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी कर रहा है। पूरे रेलवे संगठन में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना के साथ इस अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के जश्न के तीसरे चरण के साथ आयोजित किया जा रहा है।

इसी क्रम में रेल भवन में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य ‘वंदे मातरम’ के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय महत्व को उजागर करना है।

जश्न के तहत 10 अगस्त 2026 को रेल भवन में ‘वंदे मातरम की 150 साल की यात्रा’ विषय पर क्विज़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों को राष्ट्रीय गीत के समृद्ध इतिहास और उसकी स्थायी विरासत को जानने-समझने का अवसर मिला।

इसके बाद 11 अगस्त 2026 को रेल भवन में ‘देशभक्ति गीतों’ पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोगों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और संगीत के माध्यम से देशभक्ति की भावना का जश्न मनाया।

14 अगस्त 2026 को आयोजित समारोह के हिस्से के रूप में रेल भवन में ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन भी किया गया।

इन आयोजनों के माध्यम से भारतीय रेलवे अपने अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को मजबूत करने के साथ ‘वंदे मातरम’ की ऐतिहासिक विरासत को भी स्मरण कर रहा है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित ये कार्यक्रम देश की विरासत का जश्न मनाने और एक आधुनिक व प्रगतिशील भारत की आकांक्षाओं को पूरा करने में भारतीय रेलवे की सामूहिक भागीदारी को रेखांकित करते हैं।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story