भारतीय रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना 2026: जीतें 10,000 रुपये तक का इनाम
रेल मंत्रालय द्वारा हिंदी में यात्रा वृत्तांत आमंत्रित, चयनित प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।

रेल मंत्रालय द्वारा जारी पोस्टर जिसमें रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना 2026 के नकद पुरस्कारों और आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 का विवरण दिया गया है।
भारतीय रेलवे ने रेल यात्राओं के अनुभवों को स्वर देने और सुविधाओं में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना- वर्ष 2026’ के अंतर्गत अखिल भारतीय स्तर पर प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं। यह योजना न केवल यात्रियों और रेलकर्मियों के अनुभवों को मंच प्रदान करती है, बल्कि हिंदी भाषा के प्रयोग को बढ़ावा देने का भी उद्देश्य रखती है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) द्वारा सभी भारतीय नागरिकों के लिए हिंदी भाषा में रेल यात्रा वृत्तांत योजना-2026 के तहत रेल यात्रा से संबंधित अनुभव आमंत्रित किए जा रहे हैं। इस योजना के अंतर्गत हिंदी में लिखित सर्वोत्तम रेल यात्रा वृत्तांतों के चयनित विजेताओं को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार के रूप में 10,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 8,000 रुपये, तृतीय पुरस्कार के रूप में 6,000 रुपये तथा प्रेरणा पुरस्कार के अंतर्गत पांच प्रतिभागियों को 4,000 रुपये प्रत्येक दिए जाने का प्रावधान है।
योजना के अनुसार, प्रस्तुत किया जाने वाला यात्रा वृत्तांत हिंदी भाषा में मौलिक होना अनिवार्य है तथा इसकी शब्द सीमा न्यूनतम 3000 और अधिकतम 3500 शब्द निर्धारित की गई है। वृत्तांत डबल स्पेस में टाइप किया हुआ होना चाहिए, चारों ओर कम से कम एक इंच का हाशिया छोड़ा जाना आवश्यक है और प्रत्येक पृष्ठ पर पृष्ठ संख्या अंकित होनी चाहिए। कुल शब्द संख्या का स्पष्ट उल्लेख भी अनिवार्य किया गया है। प्रतिभागियों को अपने वृत्तांत के साथ एक अलग पृष्ठ पर अपना नाम, पदनाम, आयु, पता, मातृभाषा, मोबाइल नंबर और ई-मेल भी भेजना होगा।
इस योजना में भाग लेने वाले केन्द्र व राज्य सरकार के कार्यरत कर्मियों के लिए यह आवश्यक है कि वे एक घोषणा पत्र प्रस्तुत करें, जिसमें यह स्पष्ट किया गया हो कि उनके विरुद्ध कोई अनुशासनात्मक मामला लंबित नहीं है। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागियों को यह भी घोषित करना होगा कि प्रस्तुत रेल यात्रा वृत्तांत उनकी मौलिक रचना है और इसे किसी अन्य पुरस्कार योजना के अंतर्गत पुरस्कृत नहीं किया गया है।
इच्छुक प्रतियोगी अपनी प्रविष्टि दो प्रतियों में 31 जुलाई 2026 तक सहायक निदेशक, हिंदी (प्रशिक्षण), कमरा संख्या 316, कॉफमो रेल कार्यालय परिसर, तिलक ब्रिज, आईटीओ, नई दिल्ली-110002 के पते पर भेज सकते हैं। यह योजना न केवल यात्रियों को अपने अनुभव साझा करने का अवसर देती है, बल्कि भारतीय रेलवे की सेवाओं को बेहतर बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का माध्यम बनती है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
