भारतीय वायुसेना एयर शो: जयपुर में 'विंग्स ओवर गेंजेस' का सीधा प्रसारण
वाराणसी में आयोजित 94वें स्थापना दिवस के एरियल डिस्प्ले का जयपुर में सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें युवाओं को करियर की जानकारी मिली।

जयपुर के जलमहल की पाल पर भारतीय वायुसेना के एरियल डिस्प्ले के सीधा प्रसारण के दौरान उपस्थित लोग व अधिकारी।
जयपुर के जलमहल की पाल पर रविवार, 25 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना के हवाई शौर्य और परिचालन क्षमता की झलक देखने को मिली। भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गेंजेस’ एरियल डिस्प्ले का जयपुर में सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान आमजन ने लड़ाकू विमानों, परिवहन विमानों और हेलीकॉप्टरों का हवाई प्रदर्शन देखा। कार्यक्रम में बच्चों और युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा वायुसेना की कार्यप्रणाली और करियर के अवसरों की जानकारी प्राप्त की।
वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित इस एरियल डिस्प्ले में भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 100 से अधिक एयरक्राफ्ट्स ने हिस्सा लिया। इनमें राफेल, तेजस, सुखोई-30 एमकेआई, सी-130, लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर और सूर्य किरण एरोबेटिक टीम शामिल रहे। इस हवाई प्रदर्शन का रविवार को जयपुर के जलमहल के सामने सीधा प्रसारण किया गया।
एयर फोर्स स्टेशन जयपुर के कमांडर ने बताया कि सिविल प्रशासन और एयर फोर्स स्टेशन जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय वायुसेना की क्षमताओं को प्रदर्शित करना और राष्ट्र की सुरक्षा में उसकी भूमिका के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों को भारतीय वायुसेना की सटीकता, पेशेवर दक्षता और परिचालन उत्कृष्टता देखने का अवसर मिला। आमजन, विशेषकर युवाओं ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन ने देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने और भारतीय वायुसेना के कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
युवाओं को भारतीय वायुसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से कार्यक्रम स्थल पर वायुसेना की पब्लिसिटी स्टॉल भी स्थापित की गई। स्टॉल पर पहुंचे युवाओं ने वायुसेना में भर्ती की पात्रता, प्रवेश प्रक्रिया और करियर के अवसरों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को वायुसेना में अपना भविष्य तलाशने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से पोस्टर, ड्राइंग बुक और पेम्फलेट सहित प्रचार सामग्री का वितरण भी किया गया।
यह आयोजन सफल रहा और इसने सिविल प्रशासन तथा वायुसेना के बीच प्रभावी समन्वय के साथ जनसहभागिता को भी प्रदर्शित किया। कार्यक्रम ने आगंतुकों को यादगार अनुभव प्रदान करने के साथ युवाओं को भारतीय वायुसेना की गौरवशाली सेवा परंपरा और राष्ट्र के प्रति उसके योगदान को जानने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर उत्तर राजेंद्र सिंह सहित एयरफोर्स के कार्मिक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

