जयपुर। भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) के माध्यम से वैश्विक बाजारों में निर्यात के नए अवसर खुल रहे हैं। इन समझौतों के तहत मिलने वाली रियायती टैरिफ सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच का अधिकतम लाभ उठाने के उद्देश्य से वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से शनिवार को जयपुर में निर्यातकों के लिए विशेष आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया।

संयुक्त विदेश व्यापार महानिदेशालय, जयपुर और फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन (फिओ) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में भारत सरकार के वाणिज्य सचिव श्री राजेश अग्रवाल ने संबोधित किया। इसमें राजस्थान के निर्यातकों, आयातकों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) तथा उद्योग संघों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

कार्यक्रम में वाणिज्य सचिव श्री राजेश अग्रवाल ने निर्यातकों से सीधा संवाद किया और भारत द्वारा विभिन्न देशों के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौतों के तहत उपलब्ध रियायती टैरिफ लाभों तथा वैश्विक बाजार में प्रवेश के नए अवसरों की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने भी सत्र के दौरान मूल देश के नियमों (रूल्स ऑफ ओरिजिन), प्रमाणन संबंधी आवश्यकताओं और एफटीए के तहत मिलने वाली रियायतों का लाभ उठाने की प्रक्रियाओं के बारे में व्यावहारिक जानकारी साझा की।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य राजस्थान के उद्यमियों की व्यावहारिक चुनौतियों का समाधान करना और अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रदेश के निर्यात की प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाना रहा।

अपने संबोधन में श्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से हाल ही में किए गए कई मुक्त व्यापार समझौतों के परिणामस्वरूप अब विश्व के आधे से अधिक बाजार भारतीय निर्यातकों की पहुंच में हैं। ऐसे में इन अवसरों का अधिकतम लाभ उठाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इसके लिए मौजूदा निर्यातकों को नई संभावनाओं के प्रति जागरूक होने के साथ नए उद्यमियों और घरेलू उत्पादकों को भी निर्यात के क्षेत्र में आगे लाना होगा।

उन्होंने देश के एमएसएमई क्षेत्र को ई-कॉमर्स की ओर अपना रुझान बढ़ाने और पारंपरिक हस्तशिल्प उत्पादों को प्रोत्साहन देने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि निर्यातकों की समस्याओं के समाधान और निर्यात से संबंधित सभी ऑनलाइन सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने 'ई-कॉमर्स हब' की स्थापना की है। निर्यातकों को इस सुविधा का अधिकतम उपयोग करने के साथ अन्य लोगों को भी इससे जोड़ना चाहिए।

अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों की जानकारी देते हुए वाणिज्य सचिव ने बताया कि भारत अब तक 56 देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) संपन्न कर चुका है, जबकि 8 नए एफटीए पर आगामी सत्रों में चर्चा शुरू होने जा रही है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की मजबूत इच्छाशक्ति के साथ इन समझौतों को जल्द ही गति दी जाएगी।

अमेरिकी बाजार के संदर्भ में श्री अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएसए) एक बहुत बड़ा बाजार है, जहां भारत का निर्यात लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ भारत के व्यापारिक संबंध पूरी तरह बेहतर हैं और उनमें किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है।

कार्यक्रम के माध्यम से राजस्थान के निर्यातकों को मुक्त व्यापार समझौतों की प्रक्रियाओं, उपलब्ध रियायतों और वैश्विक बाजारों में विस्तार की संभावनाओं से अवगत कराया गया।

Next Story