जयपुर में नववर्ष के जश्न के मद्देनजर नगर निगम ने शुरू किया विशेष स्वच्छता अभियान
जयपुर नगर निगम ने नववर्ष के जश्न को देखते हुए शहर में विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया। आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के नेतृत्व में पर्यटन स्थलों और बाजारों में सफाई, अवैध अतिक्रमण हटाने और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। प्रशासन ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यटकों के लिए आदर्श बनाने का लक्ष्य रखा है।

जयपुर, 30 दिसंबर। नववर्ष के उत्सव को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित ढंग से मनाने के लिए जयपुर नगर निगम ने शहर में व्यापक तैयारियों की शुरुआत कर दी है। नगर निगम प्रशासन ने पर्यटकों और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे शहर को अलर्ट मोड पर रखा है।
नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देश पर सभी जोन उपायुक्तों को अपनी-अपनी टीम के साथ फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं की देखरेख करने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही 10 दिवसीय स्वच्छता महाभियान के अंतर्गत शहर के प्रमुख सड़कों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सड़कों पर अतिक्रमण हटाने, अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टर हटाने के लिए भी टीमें सक्रिय रूप से कार्यरत हैं।
नगर निगम ने पर्यटकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए शहर के पाँच प्रमुख पर्यटन स्थलों—जल महल की पाल, अल्बर्ट हॉल, जलेब चैक (हवा महल के पास), पत्रिका गेट और आमेर का किला—पर मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की है। ये सुविधाएँ 1 जनवरी की रात्रि तक आम जनता और पर्यटकों के उपयोग के लिए उपलब्ध रहेंगी, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सफाई बनाए रखने के लिए जगह-जगह डस्टबिन लगाए गए हैं और व्यापारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
नगर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने बताया कि स्वच्छता प्रहरी टीम को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है, जो किसी भी गंदगी या अव्यवस्था की शिकायत मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी। सभी सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित की गई है, ताकि नववर्ष के अवसर पर शहर की सफाई और व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
डॉ. गौरव सैनी ने कहा कि यह व्यापक तैयारी जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यटकों के लिए आदर्श शहर के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास है। नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों और पर्यटकों दोनों को नए साल के जश्न के दौरान एक बेहतर अनुभव प्रदान करना है, और इस दिशा में प्रशासन पूरी मुस्तैदी से मैदान में सक्रिय है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
