राज्यभर में अवैध रूप से निवास कर रहे बांग्लादेशी एवं रोहिंग्या घुसपैठियों की पहचान और निष्कासन के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अजमेर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अजमेर जिले के थाना कृष्णगंज और सीआईडी (विशेष शाखा) जोन अजमेर की संयुक्त टीम ने एक अवैध बांग्लादेशी महिला को डिटेन कर उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं मुख्यालय हिमांशु जांगिड़ के सुपरविजन तथा सीओ उत्तर शिवम जोशी के निर्देशन में थाना प्रभारी अरविन्द सिंह चारण के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। यह टीम जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए लगातार अभियान चला रही है।

इसी अभियान के दौरान मंगलवार, 14 जुलाई को पुलिस थाना कृष्णगंज को एक संदिग्ध महिला के बांग्लादेशी नागरिक होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना कृष्णगंज पुलिस और सीआईडी (विशेष शाखा) जोन अजमेर की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को डिटेन कर लिया।

पूछताछ में महिला ने अपना नाम मीम अख्तर (28) पुत्री अब्दुल सत्तार निवासी चंडिपाशा पोस्ट कोदालिया थाना पांकुदिया जिला किशोरगंज, ढाका (बांग्लादेश) बताया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने अवैध रूप से भारत-बांग्लादेश सीमा पार कर भारत आने तथा 14 जुलाई को ही अजमेर पहुंचने की बात स्वीकार की है।

एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने बताया कि महिला से भारत आने के उद्देश्य, उसके संपर्क सूत्रों और अन्य संभावित नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

इस संयुक्त कार्रवाई में थाना कृष्णगंज से एएसआई नरेन्द्र सिंह, महिला हेड कांस्टेबल चन्द्रा, कांस्टेबल करतार सिंह और प्रेमाराम तथा महिला कांस्टेबल सोनू शामिल रहे। वहीं सीआईडी (विशेष शाखा) जोन अजमेर से पुलिस निरीक्षक नरेन्द्र शर्मा, एएसआई मजिद मोहम्मद, बीरम देव और कांस्टेबल सेवा सिंह ने कार्रवाई में भाग लिया। अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान और उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए चल रहे विशेष अभियान के बीच इस कार्रवाई को अहम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story