जयपुर। IDBI बैंक के निजीकरण और इसे कनाडा के फेयरफैक्स समूह को बेचे जाने के विरोध में मंगलवार, 03 नवम्बर 2026 को राजस्थान की सभी IDBI बैंक शाखाओं में पूर्ण हड़ताल रही। यूनाइटेड फोरम ऑफ IDBI ऑफिसर्स एंड एम्प्लाइज के आह्वान पर आयोजित दो दिवसीय देशव्यापी हड़ताल के तहत बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कामकाज पूरी तरह बंद रखा। इस दौरान जयपुर के सी-स्कीम स्थित मुख्य शाखा के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन और धरना आयोजित किया गया।

धरना-प्रदर्शन में जयपुर सहित राजस्थान की विभिन्न शाखाओं से बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस हड़ताल की खास बात महिला कर्मियों की व्यापक और सक्रिय भागीदारी रही। महिला कर्मचारियों ने IDBI बैंक के निजीकरण को महिला एवं परिवार विरोधी बताते हुए सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

धरना स्थल पर आयोजित सभा को विभिन्न बैंक यूनियनों के नेताओं ने संबोधित करते हुए हड़ताल को पूर्ण समर्थन दिया। सभा में राजस्थान प्रदेश बैंक एम्प्लाइज यूनियन के नेता आर.ए. शर्मा, सहकार नेता सूरज भान सिंह आमेरा, महेश शर्मा, आर.जी. शर्मा, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA) के महासचिव नरेश शर्मा, IDBI की इकाई के अध्यक्ष हरीश मीणा, सचिव मनोज मीणा और नीलिमा सोलंकी ने अपने विचार रखे।

हड़ताली बैंक कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सूरज भान सिंह आमेरा ने कहा कि सरकार और LIC ने 46,000 करोड़ रुपये की पूंजी लगाकर तथा कर्मचारियों की मेहनत से IDBI बैंक को पुनर्जीवित किया है। बैंक लगातार 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक का लाभ कमा रहा है और इसका NPA 31.78 प्रतिशत से घटकर 2.30 प्रतिशत रह गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मुनाफे वाले बैंक को विदेशी कंपनी को बेचना देश की जनता के साथ धोखा है। IDBI बैंक को कनाडा के फेयरफैक्स समूह को सौंपना बैंकों का विदेशीकरण है, जिसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।

AIBOA के महासचिव नरेश शर्मा ने कहा कि ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन, राजस्थान प्रदेश बैंक एम्प्लाइज यूनियन और सहकार आंदोलन IDBI के साथियों की इस लड़ाई में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष केवल IDBI बैंक तक सीमित नहीं है, बल्कि देश की सार्वजनिक बैंकिंग व्यवस्था को बचाने की लड़ाई है।

सभा में मौजूद बैंक यूनियन नेताओं ने केंद्र सरकार से IDBI बैंक के निजीकरण की प्रक्रिया तत्काल रद्द करने और बैंक को सार्वजनिक क्षेत्र में ही बनाए रखने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने 'IDBI बैंक बचाओ, देश बचाओ', 'निजीकरण वापस लो' और 'विदेशीकरण बंद करो' जैसे नारों से विरोध दर्ज कराया।

यूनाइटेड फोरम ऑफ IDBI ऑफिसर्स एंड एम्प्लाइज की राजस्थान इकाई एवं राजस्थान प्रदेश बैंक एम्प्लाइज यूनियन की धरना आयोजन समिति ने इस प्रदर्शन के माध्यम से बैंक के निजीकरण के खिलाफ कर्मचारियों की एकजुटता और सार्वजनिक बैंकिंग व्यवस्था को बनाए रखने की मांग उठाई।

Next Story