भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रोबेशनर अधिकारियों ने पुलिस मुख्यालय का किया दौरा
प्रोबेशनर आईएएस अधिकारियों ने जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के अभय कमांड सेंटर और साइबर कंट्रोल रूम का अवलोकन कर आधुनिक स्मार्ट पुलिसिंग की कार्यप्रणाली समझी।

जयपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रोबेशनर अधिकारी साइबर कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए, जहाँ उन्हें स्मार्ट पुलिसिंग और डिजिटल निगरानी तकनीकों के बारे में जानकारी दी गई।
जयपुर, 20 मई। पुलिस मुख्यालय के कांफ्रेंस हॉल में बुधवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रोबेशनर अधिकारियों के एक उच्च स्तरीय दल ने आधिकारिक भ्रमण किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत आयोजित इस दौरे का मुख्य उद्देश्य राज्य सेवा में कदम रख रहे इन युवा अधिकारियों को पुलिसिंग के बुनियादी ढांचे, कानून व्यवस्था के व्यावहारिक पहलुओं और पुलिस व प्रशासन के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करने की बारीकियों से रूबरू कराना था। इस दौरान महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के साथ प्रोबेशनर आईएएस अधिकारियों का एक विशेष संवाद सत्र आयोजित हुआ, जिसमें डीजीपी श्री शर्मा ने फील्ड में सफल प्रशासनिक नेतृत्व के लिए पुलिस और प्रशासन के बेहतर तालमेल को अपरिहार्य बताया।
महानिदेशक पुलिस स्पेशल ऑपरेशन्स श्री आनंद कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस और प्रशासन के बीच समन्वय विषय पर महत्वपूर्ण व्याख्यान देते हुए स्पष्ट किया कि जिला स्तर पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। राज्य में सड़क सुरक्षा के वर्तमान परिदृश्य व स्थिति पर महानिदेशक पुलिस प्रशिक्षण एवं यातायात श्री अनिल पालीवाल ने व्यावहारिक दिशा-निर्देश साझा किए और जिला सड़क सुरक्षा समितियों की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डाला। साथ ही, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कार्मिक श्री बीजू जॉर्ज जोसेफ ने 'स्टेट पुलिस फ्रेमवर्क' विषय पर प्रस्तुतीकरण देते हुए राजस्थान पुलिस की संरचना, कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी।
राजस्थान में ड्रग्स लॉ एनफोर्समेंट तथा मादक पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त करने में जिला स्तर पर नार्को कोऑर्डिनेशन समिति (NCORD) की भूमिका पर महानिरीक्षक पुलिस एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स श्री विकास कुमार ने प्रकाश डाला। तकनीकी और समसामयिक चुनौतियों से निपटने के सत्र में उप महानिरीक्षक पुलिस साइबर क्राइम श्री शांतनु कुमार सिंह ने प्रोबेशनर्स को साइबर अपराध एवं डिजिटल खतरों से अवगत कराया। इस दौरान दल ने 1930 साइबर कंट्रोल रूम का प्रत्यक्ष दौरा कर ठगी के मामलों में की जाने वाली त्वरित तकनीकी कार्रवाई को समझा। उप महानिरीक्षक पुलिस सिविल राइट्स श्रीमती श्वेता धनखड़ ने महिला, बच्चों और कमजोर वर्गों के अधिकारों व सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा संचालित विशेष योजनाओं के बारे में अधिकारियों को ब्रीफ किया। भ्रमण के अंतिम चरण में प्रोबेशनर आईएएस अधिकारियों ने जयपुर कमिश्नरेट स्थित अत्याधुनिक 'अभय कमांड सेंटर' का अवलोकन किया। वहां जयपुर पुलिस कमिश्नर श्री सचिन मित्तल ने शहर की डिजिटल निगरानी, सीसीटीवी सर्विलांस, ई-चालान और आपातकालीन रेस्पॉन्स सिस्टम की कार्यप्रणाली का सजीव प्रदर्शन कर अधिकारियों को आधुनिक स्मार्ट पुलिसिंग मॉडल से परिचित कराया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
