भारतीय वायु सेना ने अग्निवीर वायु और ग्रुप-वाई मेडिकल असिस्टेंट पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करते हुए अधिसूचना जारी कर दी है। योग्य और इच्छुक अभ्यर्थी 26 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि ऑनलाइन लिखित परीक्षा का आयोजन 22 और 23 सितंबर 2026 को किया जाएगा। यह जानकारी 5 वायुसैनिक चयन केंद्र, जोधपुर की कमान अधिकारी विंग कमांडर नैनसी माहेश्वरी द्वारा 8 जुलाई 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।

भर्ती प्रक्रिया के तहत आवेदन शुल्क 550 रुपये निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को आवेदन और भर्ती संबंधी सभी प्रक्रियाओं के लिए आधिकारिक वेबसाइट iafrecruitment.edcil.co.in पर जाना होगा। फोटो अपलोड करते समय उम्मीदवार के सीने के सामने काली स्लेट होना अनिवार्य है, जिस पर सफेद चॉक से कैपिटल लेटर में अभ्यर्थी का नाम और फोटो की तारीख लिखी हो। फोटो एक महीने से अधिक पुरानी नहीं होनी चाहिए। परीक्षा केंद्र पर आधार कार्ड साथ ले जाना अनिवार्य रहेगा।

अग्निवीर वायु पद के लिए पुरुष और महिला दोनों उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आयु सीमा 16.5 से 21 वर्ष निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत कुल अंक तथा अंग्रेजी विषय में 50 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। तीन वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा या गणित और भौतिकी के साथ दो वर्षीय वोकेशनल कोर्स करने वाले उम्मीदवार भी पात्र होंगे। यह भर्ती चार वर्ष की सेवा अवधि के लिए होगी।

एयरमेन ग्रुप ‘वाई’ मेडिकल असिस्टेंट पद केवल पुरुष भारतीय और गोरखा (नेपाल) नागरिकों के लिए है। 12वीं उत्तीर्ण अविवाहित अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 16 से 20 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं डिप्लोमा, बी.फार्मा या बी.एससी फार्मेसी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 18 से 23 वर्ष है और इस श्रेणी में विवाहित उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। शैक्षणिक योग्यता के तहत 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और अंग्रेजी विषयों के साथ न्यूनतम 50 प्रतिशत कुल अंक तथा अंग्रेजी विषय में व्यक्तिगत रूप से 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है।

चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा होगी, जिसके अंकों का नॉर्मलाइजेशन कर कट-ऑफ जारी की जाएगी। अग्निवीर वायु साइंस श्रेणी के लिए 60 मिनट की परीक्षा होगी, जिसमें फिजिक्स, मैथ्स और अंग्रेजी विषय शामिल रहेंगे। अन्य स्ट्रीम के अभ्यर्थियों के लिए अंग्रेजी, रीजनिंग और जनरल अवेयरनेस की 45 मिनट की परीक्षा होगी। दोनों स्ट्रीम के संयुक्त पेपर के लिए 85 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। मेडिकल असिस्टेंट पद के लिए अंग्रेजी, रीजनिंग और जनरल अवेयरनेस विषयों की 45 मिनट की परीक्षा आयोजित होगी।

दूसरे चरण में दस्तावेज सत्यापन और फिजिकल फिटनेस टेस्ट होगा। फिजिकल फिटनेस टेस्ट-प्रथम के तहत 1.6 किलोमीटर दौड़ कराई जाएगी। अग्निवीर वायु पुरुष अभ्यर्थियों को यह दौड़ 7 मिनट में और महिला अभ्यर्थियों को 8 मिनट में पूरी करनी होगी। मेडिकल असिस्टेंट पद के लिए 21 वर्ष तक के अभ्यर्थियों को 7 मिनट तथा इससे अधिक आयु वाले अभ्यर्थियों को 7 मिनट 30 सेकंड का समय मिलेगा। फिजिकल फिटनेस टेस्ट-द्वितीय में पुरुष अभ्यर्थियों को 10 पुश-अप्स, 10 सिट-अप्स और 20 स्क्वैट्स करने होंगे, जबकि महिला अभ्यर्थियों के लिए 10 सिट-अप्स और 15 स्क्वैट्स निर्धारित किए गए हैं। इसके बाद लिखित और साइकोलॉजिकल टेस्ट आयोजित किया जाएगा।

तीसरे चरण में अडैप्टेबिलिटी टेस्ट सफलतापूर्वक पास करने वाले अभ्यर्थियों का विस्तृत मेडिकल परीक्षण होगा। इस दौरान ब्लड, यूरिन, एक्स-रे, ईसीजी, लिवर फंक्शन टेस्ट सहित अन्य आवश्यक चिकित्सीय जांच की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की लोअर एब्डोमेन और पेल्विस की अल्ट्रासोनोग्राफी भी कराई जाएगी। भारतीय वायु सेना ने अभ्यर्थियों से भर्ती संबंधी विस्तृत जानकारी और ऑनलाइन आवेदन के लिए आधिकारिक पोर्टल का उपयोग करने की अपील की है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story