हरियालो राजस्थान कार्यक्रम में गृह रक्षा स्वयंसेवकों ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प
जयपुर के गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र में हरियालो राजस्थान कार्यक्रम हुआ, जहां पौधारोपण के साथ स्वयंसेवकों को पौधों की देखभाल का संदेश दिया गया।

तस्वीर में गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र, प्रताप नगर, जयपुर में आयोजित 'हरियालो राजस्थान' कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं महानिदेशक अनिल पालीवाल पौधे को पानी देते हुए नजर आ रहे हैं, साथ ही अन्य अधिकारी और स्वयंसेवक मौजूद हैं।
गृह रक्षा प्रशिक्षण केन्द्र, सेक्टर-04, प्रताप नगर, जयपुर में सोमवार को ‘हरियालो राजस्थान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महानिदेशक एवं महासमादेष्टा, गृह रक्षा, श्री अनिल पालीवाल, IPS मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर IG श्री राजेश मीणा, IPS, DCG श्री बदोराव मीणा एवं कमाण्डेन्ट, जयपुर, श्रीमती स्वाति शर्मा सहित गृह रक्षा के अधिकारी, स्थाई स्टाफ एवं स्वयंसेवक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्री अनिल पालीवाल ने पौधारोपण किया। उन्होंने गृह रक्षा के स्थाई स्टाफ एवं स्वयंसेवकों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने के साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण और देखभाल का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह उनका पालन-पोषण और संरक्षण करना भी आवश्यक है।
इस अवसर पर गृह रक्षा स्वयंसेवकों एवं स्थाई स्टाफ ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। इसके बाद मुख्य अतिथि ने स्वयंसेवकों को पौधे वितरित किए। उन्होंने स्वयंसेवकों को अपने घर, खेत-खलिहान अथवा ड्यूटी स्थल पर पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा एवं देखभाल सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
श्री पालीवाल ने कहा कि गृह रक्षा स्वयंसेवकों के नियोजन के अवसर बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गृह रक्षा एक प्रशिक्षित एवं समर्पित बल है, जो पूर्ण निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करता है। ड्यूटी के दौरान स्वयंसेवकों को लोक सेवक के रूप में प्राप्त संरक्षण उनके कर्तव्यों के प्रभावी निर्वहन को और सुदृढ़ करता है।
उन्होंने कार्यक्रम में गृह रक्षा स्वयंसेवकों द्वारा निभाई गई जिम्मेदारी और उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक छायाचित्र लिया गया और अल्पाहार के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
‘हरियालो राजस्थान’ कार्यक्रम गृह रक्षा के स्थाई स्टाफ एवं स्वयंसेवकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ हर्षोल्लास से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन रोटरी क्लब के सहयोग से किया गया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
