बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिले में एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण अभियान को लेकर जिला प्रशासन एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों एवं आमजन से सक्रिय सहभागिता की अपील की है।

जिला कलक्टर संदेश नायक ने स्पष्ट किया कि एचपीवी टीका महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए अत्यंत प्रभावी एवं सुरक्षित माना गया है। उन्होंने बताया कि यह टीका विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा प्रमाणित है, क्लिनिकली टेस्टेड है तथा पूर्णतः सुरक्षित है। जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को यह टीकाकरण निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार एचपीवी टीका एक सिंगल डोज के रूप में लगाया जाता है, जो बालिकाओं के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। टीकाकरण के लिए आधार कार्ड, स्कूल आईडी अथवा अंकतालिका में से कोई एक दस्तावेज आयु प्रमाण के रूप में आवश्यक है। जिन बालिकाओं के पास दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, उनके लिए अभिभावक या संरक्षक द्वारा सहमति पत्र देकर आयु प्रमाणित किया जा सकता है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि एचपीवी टीके को लेकर फैल रही किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक जानकारियों पर विश्वास न किया जाए। यह टीका सुरक्षित है, इसके कोई गंभीर दुष्प्रभाव नहीं हैं और यह सर्वाइकल कैंसर से 95 प्रतिशत से अधिक तक बचाव प्रदान करता है।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों एवं आमजन से पुनः अपील की है कि वे अपनी बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य के लिए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story