हाई राइड इंडिया एप जयपुर में लॉन्च, साझा परिवहन सेवा की हुई शुरुआत
जयपुर में स्मार्ट मोबिलिटी एप 'हाई राइड इंडिया' लॉन्च हुआ। यह एप साझा परिवहन के जरिए सस्ती, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराएगा।

जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित कार्यक्रम में हाई राइड इंडिया के संस्थापक एवं सीईओ आमिर खान और उनकी टीम ने आधिकारिक रूप से एप्लीकेशन का शुभारंभ किया।
जयपुर। बढ़ते ट्रैफिक जाम, वायु प्रदूषण और ईंधन की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच राजस्थान के शहरी परिवहन परिदृश्य में एक बड़ा बदलाव आने वाला है। इसी दिशा में एक सार्थक पहल करते हुए जयपुर में स्मार्ट मोबिलिटी एप्लिकेशन 'हाई राइड इंडिया' का आधिकारिक शुभारंभ किया गया है। राजधानी के कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित एक भव्य समारोह में इस नवाचारी एप को लॉन्च किया गया, जो साझा परिवहन (शेयर्ड मोबिलिटी) के जरिए यात्रियों को एक स्मार्ट, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प प्रदान करने का लक्ष्य रखता है।
इस उद्घाटन कार्यक्रम में हाई राइड इंडिया के संस्थापक एवं सीईओ आमिर खान, प्रेसिडेंट प्रकाश गोयल, को-फाउंडर अयाज खान, सीएमओ अंकित व्यास और सीटीओ सचिन मीणा के साथ-साथ टीवी जगत की जानी-मानी हस्तियां जैसे 'महाभारत' सीरियल फेम अर्जुन फिरोज खान और अभिनेता अरहान खान विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक गोपाल शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में इस एप्लिकेशन को जनहित में समर्पित किया गया।
इस अवसर पर हाई राइड इंडिया के सीईओ आमिर खान ने बताया कि वर्तमान में साझा मोबिलिटी केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि आधुनिक समाज की अनिवार्य आवश्यकता बन गई है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि कंपनी का मिशन सड़कों पर निजी वाहनों की संख्या कम करना, ईंधन की बचत सुनिश्चित करना और पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त बनाने में योगदान देना है। यह प्लेटफॉर्म आधुनिक तकनीक, रियल-टाइम ट्रैकिंग और पूर्णतः सत्यापित उपयोगकर्ता प्रणाली पर आधारित है, जो यात्रियों को एक पारदर्शी और विश्वसनीय अनुभव प्रदान करेगा। सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए कंपनी ने उपयोगकर्ताओं के भरोसे को अपनी सबसे बड़ी पूंजी बताया है।
तकनीकी विशेषताओं की बात करें तो हाई राइड एप में दो मुख्य फीचर दिए गए हैं। 'हाई बडी' फीचर वाहन मालिकों के लिए है, जो अन्य यात्रियों को अपने साथ ले जा सकते हैं, जबकि 'हाई मेट' उन लोगों के लिए है जिन्हें यात्रा के लिए वाहन की आवश्यकता है। कंपनी की योजना राजस्थान से अपनी सेवा शुरू कर इसे जल्द ही एनसीआर और संपूर्ण उत्तर भारत में विस्तारित करने की है। यह इंटरसिटी और इंट्रा सिटी दोनों प्रकार की सेवाएं प्रदान करने वाली इस क्षेत्र की अग्रणी कंपनी है।
कंपनी के रेवेन्यू मॉडल को पूरी तरह से सब्सक्रिप्शन आधारित रखा गया है, जिसके तहत कंपनी किसी भी राइडर या यात्री से कोई अतिरिक्त कमीशन नहीं वसूलेगी। सुरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए एप में यात्रियों के लगेज की सुरक्षा हेतु फोटो फीचर और महिला यात्रियों की विशेष सुरक्षा के लिए जेंडर डिस्प्ले जैसे आधुनिक विकल्प भी शामिल किए गए हैं। यह पहल न केवल दैनिक यात्रियों के लिए यात्रा को सस्ती और सुलभ बनाएगी, बल्कि भविष्य के स्मार्ट सिटी परिवहन ढांचे के लिए एक नजीर भी साबित होगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
