जयपुर। हरिश्चंद्र माथुर राज्य लोक प्रशासन संस्थान (HCM RIPA), जयपुर में 'साधना सप्ताह' के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारत सरकार के क्षमता निर्माण आयोग (Capacity Building Commission CBC) की पहल के अंतर्गत विभिन्न सरकारी संस्थानों में सतत् अधिगम, दक्षता संवर्धन एवं उत्कृष्ट प्रशासनिक सेवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

सिविल सेवा में दक्षता और नवाचार पर जोर

HCM RIPA की महानिदेशक सुश्री श्रेया गुहा ने संस्थान की प्रमुख उपलब्धियों एवं प्रशिक्षण गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए HCM RIPA, फाउंडेशन कोर्स तथा राजस्थान सरकार द्वारा मिशन कर्मयोगी के अंतर्गत किए जा रहे नवाचारपूर्ण प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने भावी सिविल सेवकों को दक्ष, उत्तरदायी एवं संवेदनशील प्रशासक के रूप में विकसित करने की संस्थान की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। सुश्री श्रेया गुहा ने जानकारी दी कि "HCM RIPA ने IGOT कर्मयोगी प्लेटफार्म पर 10 पाठयक्रमों को चिह्नित किया है जिसे राजस्थान स्टेट सर्विसेज के प्रोबेशनर्स अधिकारियों को अवश्य करना चाहिए।"





मिशन कर्मयोगी की उपयोगिता और पंजीकरण के आँकड़े

क्षमता निर्माण आयोग की प्रधान सलाहकार सुश्री चंद्रलेखा मुखर्जी ने राजस्थान स्टेट सिविल सर्विसेज़ में चयनित प्रोबेशनर्स अधिकारियों को मिशन कर्मयोगी की उपयोगिता और आवश्यकता पर व्याख्यान दिया। कार्यक्रम के मुख्य सत्र में सुश्री चंद्रलेखा मुखर्जी ने "भावी सिविल सेवकों के लिए मिशन कर्मयोगी" विषय पर व्याख्यान देते हुए प्रशासनिक कार्यों में नवाचार, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं सतत् सीखने की अनिवार्यता पर विशेष बल दिया। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को बदलते प्रशासनिक परिदृश्य के अनुरूप स्वयं को निरंतर उन्नत करने के लिए प्रेरित किया। सुश्री चंद्रलेखा मुखर्जी ने बताया कि राजस्थान सरकार में कार्यरत 7 लाख 55 हजार अधिकारियों एवं कर्मचारियों में से 7.52 लाख अधिकारी एवं कर्मचारी I GOT कर्मयोगी प्लेटफार्म पर रजिस्टर्ड हैं। उन्होंने प्रोबेशनर्स अधिकारियों को कर्मयोगी प्लेटफार्म से जुड़ने और नियमित अपने क्षमताओं को विभिन्न कोर्सेज के ज़रिए बढ़ाने का आह्वान किया।

प्रेरणादायक प्रस्तुति और समापन

साधना सप्ताह के अवसर पर एक प्रेरणादायक गीत एवं क्षमता निर्माण आयोग द्वारा तैयार लघु वीडियो का प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित प्रतिभागियों में सेवा, समर्पण एवं अनुशासन की भावना को सुदृढ़ किया। कार्यक्रम का संचालन संस्थान की उपनिदेशक, श्रीमती शिप्रा शर्मा द्वारा किया गया। अंत में, कार्यक्रम का समापन अतिरिक्त महानिदेशक, श्री शाहीन अली खान द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story