मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने आईएएस प्रोबेशनर्स को दिया सफलता का मंत्र
एचसीएम रीपा में 2024 बैच के आईएएस अधिकारियों का विदाई सत्र आयोजित, मुख्य सचिव ने प्रशिक्षण को बेहतर प्रशासन और जनहित के लिए जरूरी बताया।

जयपुर के एचसीएम रीपा संस्थान में आयोजित विदाई सत्र के दौरान मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास, महानिदेशक श्रीमती श्रेया गुहा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वर्ष 2024 बैच के आईएएस प्रोबेशनर्स।
हरीशचन्द्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान (एचसीएम रीपा) में वर्ष 2024 बैच के आईएएस प्रोबेशनर्स के लिए आयोजित विदाई सत्र में मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने प्रशिक्षण को बेहतर प्रशासन, कार्यकुशलता और संवेदनशील निर्णय की आधारशिला बताया। उन्होंने प्रोबेशनर्स को लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए), मसूरी में होने वाले आगामी चार माह के अंतिम चरण के प्रशिक्षण को पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ संपन्न करने का आह्वान किया।
मुख्य सचिव ने कहा कि अगस्त 2026 में उपखंड मजिस्ट्रेट (एसडीएम) के रूप में कार्यभार संभालने के दौरान यह प्रशिक्षण उन्हें कार्यकुशलता और संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने युवा अधिकारियों को प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में जनहित को सर्वोपरि रखने की सीख दी।
कार्यक्रम में हरीशचन्द्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान की महानिदेशक श्रीमती श्रेया गुहा ने मुख्य सचिव को प्रोबेशनर्स द्वारा प्रस्तुत जिला प्रशिक्षण रिपोर्ट और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं पर आधारित प्रस्तुतियों का अवलोकन करवाया। उन्होंने संस्थान को देश के अग्रणी राज्य स्तरीय प्रशिक्षण केंद्र बताते हुए यहां संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने प्रोबेशनर्स को लोक सेवा की उच्चतम मर्यादाओं को बनाए रखने की प्रेरणा प्रदान की।
विदाई सत्र के दौरान प्रोबेशनर्स ने अपने जिला प्रशिक्षण के अनुभव साझा करते हुए राज्य की प्रमुख विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और क्षेत्रीय चुनौतियों पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें धरातल पर प्रशासनिक व्यवस्थाओं को समझने और आमजन की समस्याओं के निराकरण का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ है। प्रस्तुतियों में राज्य के विकास के प्रति प्रोबेशनर्स के नवीन दृष्टिकोण को सराहा गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री हेमंत गेरा, श्री अम्बरीष कुमार तथा श्री समित शर्मा ने भी युवा अधिकारियों को उनकी आगामी नई भूमिकाओं के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षण के इस महत्वपूर्ण चरण को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के पश्चात वर्ष 2024 बैच के ये अधिकारी अब अपने प्रशिक्षण के समापन के लिए मसूरी प्रस्थान करेंगे, जहां अंतिम चरण का प्रशिक्षण उनके प्रशासनिक करियर की दिशा तय करेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
