श्रावण माह में जारी कावड़ यात्राओं और आगामी स्वतंत्रता दिवस, तीज उत्सव, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी महोत्सव को देखते हुए हवामहल विधानसभा क्षेत्र में आमजन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हवामहल विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर निगम, जयपुर विकास प्राधिकरण, विद्युत, PHED सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने कहा कि आगामी धार्मिक एवं राष्ट्रीय आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं, कावड़ यात्रियों, मातृशक्ति, युवाओं एवं आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी।

बैठक के दौरान सफाई व्यवस्था, सीवरेज, ड्रेनेज सिस्टम, सड़क मार्गों के दुरुस्तीकरण, विद्युत व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति सहित क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। विधायक ने विशेष रूप से धार्मिक आयोजनों एवं कावड़ यात्राओं के मार्गों पर साफ-सफाई, जल निकासी, सड़क की स्थिति तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। क्षेत्र में जहां भी सीवरेज, ड्रेनेज, सड़क, पेयजल अथवा विद्युत से संबंधित समस्याएं हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर निरीक्षण कर उनका शीघ्र समाधान किया जाए।

उन्होंने कहा कि श्रावण माह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना के लिए विभिन्न मंदिरों में पहुंचते हैं और कावड़ यात्राओं में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस, तीज, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गणेश चतुर्थी जैसे महत्वपूर्ण पर्व भी आगामी दिनों में आयोजित होने हैं। ऐसे में सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है कि आमजन एवं श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए, सीवरेज एवं ड्रेनेज की जाम समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर सड़क मार्गों का दुरुस्तीकरण समयबद्ध रूप से कराया जाए। साथ ही विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि हवामहल विधानसभा क्षेत्र में जनसुविधाओं का विस्तार एवं आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास कार्यों एवं मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में जयपुर नगर निगम हवामहल आमेर जोन उपायुक्त, अधिशासी अभियंता प्रोजेक्ट, गैरेज, जेडीए के अभियंता, जोन की राजस्व अधिकारी, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, पीएचईडी के अधिशासी अभियंता, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, वार्डों में स्वास्थ्य निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story