जयपुर में हवामहल विधायक स्वामी श्री बालमुकुंदाचार्य महाराज ने दशकों पुरानी कॉलोनियों और बस्तियों के नियमन तथा वहां निवासरत परिवारों को शीघ्र पट्टे जारी करने की मांग को लेकर जयपुर नगर निगम आयुक्त को पत्र सौंपा। उन्होंने हवामहल विधानसभा क्षेत्र की लंबे समय से लंबित इस समस्या के समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।

स्वामी श्री बालमुकुंदाचार्य महाराज ने कहा कि हवामहल विधानसभा क्षेत्र में अनेक ऐसी कॉलोनियां और बस्तियां हैं, जहां लोग राजा महाराजाओं के समय से तथा पिछले 60 से 70 वर्षों से निवास कर रहे हैं। इसके बावजूद आज तक इन बस्तियों का नियमन नहीं किया गया है और न ही हजारों परिवारों को उनके मकानों का मालिकाना हक प्रदान किया गया है। उन्होंने इस स्थिति को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

उन्होंने कहा कि गुर्जर घाटी, विजय नगर, भैरू मीणा का बाग, चन्द्र नगर, आश्रय कॉलोनी, चौमरिया, कनक घाटी, औंडा महादेव, बैरिया बस्ती, वाल्मीकि बस्ती, टाटा नगर, सीताराम पुरी, कृष्णा कॉलोनी, जयंती कॉलोनी और गोविन्द नगर सहित अनेक क्षेत्रों में हजारों परिवार वर्षों से निवासरत हैं। कई स्थानों पर सोसायटी के पट्टे होने के बावजूद नियमन की प्रक्रिया आज तक पूरी नहीं की गई है, जिसके कारण नागरिक मूलभूत सुविधाओं और वैधानिक अधिकारों से वंचित हैं।

विधायक ने नगर निगम आयुक्त से मांग की कि इन सभी बस्तियों का समयबद्ध सर्वे कराया जाए, नियमन की प्रक्रिया तत्काल पूर्ण की जाए और पात्र परिवारों को शीघ्र पट्टे जारी किए जाएं। उन्होंने कहा कि दशकों से अपने ही घर में रहने वाले नागरिकों को आज भी मालिकाना हक के लिए भटकना पड़ रहा है, जो न्यायोचित नहीं है।

स्वामी श्री बालमुकुंदाचार्य महाराज ने स्पष्ट कहा कि हवामहल विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक को उसका वैधानिक अधिकार दिलाने के लिए वह निरंतर संघर्षरत हैं। उन्होंने कहा कि जब तक इन बस्तियों का नियमन और पट्टा वितरण नहीं हो जाता, तब तक उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा।

Next Story