जयपुर की हवामहल विधानसभा क्षेत्र में दीपावली का पर्व सांस्कृतिक परंपराओं और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हवामहल विधायक स्वामी बालमुकुन्दाचार्य महाराज ने क्षेत्र के सभी देवालयों में दीपावली पूजन के लिए पूजा सामग्री और मिठाई की किट भिजवाई। इसके साथ ही विशेष संदेश वाले कैरी बैग के माध्यम से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।

दीपावली के अवसर पर हवामहल विधानसभा क्षेत्र के जनसुनवाई केन्द्र में स्वामी बालमुकुन्दाचार्य महाराज ने भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के साथ मां लक्ष्मी का विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन किया। इस दौरान उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की।

स्वामी बालमुकुन्दाचार्य महाराज ने बताया कि जनसेवा और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति प्रतिबद्धता के तहत प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी हवामहल विधानसभा क्षेत्र के सभी देवालयों में दीपावली पूजन के लिए पूजा सामग्री एवं मिठाई की किट भिजवाई गई। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक देवालय में दीपोत्सव को श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाना है।

उन्होंने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए पूजा सामग्री का वितरण विशेष संदेशात्मक कैरी बैग के माध्यम से किया गया। इस पहल के जरिए नागरिकों को स्वच्छता अपनाने, पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने और प्रकृति संरक्षण में सहभागी बनने का संदेश दिया गया।

स्वामी बालमुकुन्दाचार्य महाराज ने कहा कि राजनीति का वास्तविक उद्देश्य जनसेवा, सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण और समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ आत्मीय जुड़ाव स्थापित करना है। इसी भावना के साथ हवामहल विधानसभा क्षेत्र में विकास, स्वच्छता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गौरव के नए आयाम स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने मां लक्ष्मी से क्षेत्रवासियों पर अपना आशीर्वाद बनाए रखने और हवामहल विधानसभा क्षेत्र को सुख, शांति, समृद्धि एवं प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ाने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर हवामहल विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, पार्षद, पार्षद प्रत्याशी, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।

Next Story