हवामहल विकास कार्य: विधायक बालमुकुंदाचार्य ने जेडीए अधिकारियों के साथ की बैठक
विधायक बालमुकुंदाचार्य ने आमेर रोड निर्माण, जल निकासी और सीवरेज समेत क्षेत्र की प्रमुख विकास परियोजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य महाराज (बाएं) जयपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ क्षेत्र की विभिन्न विकास परियोजनाओं और जनसमस्याओं पर चर्चा करते हुए।
जयपुर। हवामहल विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से विधायक स्वामी श्री बालमुकुंदाचार्य महाराज ने आज जनसुनवाई केन्द्र पर जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। इस बैठक में क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ बनाने और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान क्षेत्र की अनेक प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। इनमें नालों का कवरीकरण, सड़कों का सुदृढ़ीकरण एवं नवीन निर्माण, जोरावर सिंह गेट से आमेर तक सड़क निर्माण, मानसागर बांध (जलमहल) के अतिरिक्त वर्षाजल की निकासी के लिए सुगली नदी तक नाला निर्माण, छापर की ढाणी में सड़क एवं नाली निर्माण, 2 नम्बर बस स्टैंड से नायला रोड तक नवीन सड़क तथा जयसिंहपुरा खोर खेल स्टेडियम का शीघ्र निर्माण प्रमुखता से शामिल रहे। साथ ही, विद्युत पावर ग्रिड एवं राजकीय महाविद्यालय हेतु भूमि आवंटन, बच्चों के लिए खेल मैदानों का विकास, अवैध अतिक्रमणों पर प्रभावी कार्रवाई, ऐतिहासिक बावड़ियों का जीर्णोद्धार, श्मशान घाटों का विकास और सीवरेज लाइनों का विस्तार जैसे विषयों पर ठोस निर्णय लिए गए। इसके अतिरिक्त, मानबाग चौराहे से 2 नम्बर बस स्टैंड तक मार्ग के चौड़ीकरण की परियोजना पर भी विचार-विमर्श हुआ।
विधायक स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने उन क्षेत्रों की समस्या को विशेष प्राथमिकता दी, जहाँ बार-बार सड़क निर्माण के कारण सड़कों का स्तर मकानों से ऊँचा हो गया है, जिससे वर्षा के दौरान जलभराव से घरों को नुकसान होता है। इसके स्थायी समाधान हेतु उन्होंने संबंधित क्षेत्रों में सड़क की खुदाई करवाकर लेवल सर्वे कराने और वैज्ञानिक पद्धति से सड़क पुनर्निर्माण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
आगामी मानसून सत्र के दृष्टिगत जलभराव की समस्या को रोकने के लिए पानी के बहाव क्षेत्रों में विशेष प्रबंधों और पूर्व तैयारियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देशित किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। बैठक के समापन पर स्वामी बालमुकुंदाचार्य ने दोहराया कि हवामहल विधानसभा के प्रत्येक नागरिक को उत्कृष्ट आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और विभागीय समन्वय के माध्यम से इन योजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारा जाएगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
