जयपुर। कालवाड़ स्थित श्री दक्षिणमुखी बालाजी महाराज हाथोज धाम में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। अनुष्ठानों के तहत प्रतिदिन वैदिक विद्वानों द्वारा वाल्मीकि सुंदरकांड, दुर्गासप्तशती एवं पंचमुखी हनुमान कवच का पाठ किया जा रहा है। साथ ही यज्ञ में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां अर्पित कर विश्व कल्याण और जन-जन की सुख-समृद्धि की कामना की जा रही है।

नवरात्रि की सप्तमी तिथि, शनिवार को श्री दक्षिणमुखी बालाजी महाराज की विशेष झांकी सजाई जाएगी। इस अवसर पर संध्या के समय श्रद्धालु संगीतमय हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ करेंगे। इसके साथ ही श्रद्धापूर्वक 108 नारियल अर्पित करने का आयोजन होगा।

हाथोज धाम के पीठाधीश्वर स्वामी श्री बालमुकुंदाचार्य महाराज ने बताया कि धाम में प्राचीन परंपरा के अनुसार वर्षभर आने वाली चारों नवरात्रियों—चैत्र, आषाढ़, आश्विन एवं माघ नवरात्रि—में विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान किए जाते हैं। इन अवसरों पर वैदिक विद्वानों के सान्निध्य में दुर्गासप्तशती, पंचमुखी हनुमान कवच एवं वाल्मीकि सुंदरकांड का पाठ किया जाता है। इसके साथ ही यज्ञ का आयोजन भी होता है।

स्वामी श्री बालमुकुंदाचार्य महाराज ने कहा कि इन धार्मिक अनुष्ठानों का उद्देश्य श्री बालाजी महाराज की कृपा से समस्त भक्तों सहित देश एवं प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं आरोग्य की मंगलकामना करना है। शारदीय नवरात्रि के दौरान हाथोज धाम में श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ बालाजी महाराज के दर्शन कर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं। सप्तमी तिथि पर विशेष झांकी, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और 108 नारियल अर्पण का आयोजन नवरात्रि के धार्मिक कार्यक्रमों का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

Next Story