हाथोज धाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव, राम नाम संकीर्तन और नृसिंह लीला से गूंजा नगर
हाथोज धाम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान राम नाम संकीर्तन और नृसिंह लीला शोभायात्रा ने भक्तों को आध्यात्मिक माहौल से जोड़ा।

तस्वीर में हाथोज धाम में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज और अन्य संत व श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल नजर आ रहे हैं।
हाथोज धाम स्थित श्री दक्षिणमुखी बालाजी मंदिर में आयोजित पंच दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अंतर्गत हाथोज धाम पीठाधीश्वर स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज के सान्निध्य में धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुए। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित किया।
महोत्सव के अंतर्गत गुरु कृपा सत्संग मंडल, जयपुर द्वारा संगीतमय श्रीराम नाम संकीर्तन का आयोजन किया गया। भजन-कीर्तन और रामनाम के जयघोष से पूरा हाथोज धाम भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
इसके बाद भगवान नृसिंह अवतार की भव्य झांकी और नृसिंह लीला की शोभायात्रा हाथोज धाम मंदिर से प्रारंभ होकर हाथोज के मुख्य मार्ग तक निकाली गई। बैंडवादन, आकर्षक झांकियों, धार्मिक ध्वजों और जयघोषों के साथ निकली शोभायात्रा ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मार्ग में जगह-जगह ग्रामवासियों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, स्वागत-सत्कार और आरती कर शोभायात्रा का अभिनंदन किया।
महोत्सव में भंडारा प्रसादी का आयोजन भी किया गया, जिसमें संत समाज और श्रद्धालुओं का सम्मानपूर्वक स्वागत कर उन्हें प्रसादी ग्रहण कराई गई।
इस अवसर पर स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज ने कहा कि गुरु की कृपा से ही ज्ञान, भक्ति और आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। राम नाम संकीर्तन, धार्मिक लीलाएं और ऐसे आध्यात्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के सशक्त माध्यम हैं। ये समाज में धर्म, संस्कार, समरसता, सेवा और राष्ट्रभावना को सुदृढ़ करते हैं।
महोत्सव में जगद्गुरु रामानुजाचार्य नागोरिया पीठाधीश्वर स्वामी विष्णुप्रपन्नाचार्य महाराज, महन्त महावीर जती महाराज शिवमठ गाड़ोदा, महंत मनोहरशरण दास महाराज पलसाना, महंत राजाराम दास महाराज बदनपुरा गणेश मंदिर, महंत अयोध्यादास महाराज आमेर, महंत कालिदास महाराज नायन धाम, महामंडलेश्वर सियाराम दास महाराज गलता गेट, रामसेवक दास महाराज पापड़ के हनुमान जी, विष्णु दास नागा महाराज सहित श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
