गुरु पूर्णिमा पर हाथोज धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, 15 हजार भक्तों ने ग्रहण की प्रसादी
गुरु पूर्णिमा पर कालवाड़ के हाथोज धाम में हजारों श्रद्धालु उमड़े। 15 हजार भक्तों ने प्रसादी ग्रहण की, जबकि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने भी पहुंचकर पूजा-अर्चना की।

हाथोज धाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज का गुरु पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त करती हुई।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर कालवाड़ स्थित श्री दक्षिणमुखी बालाजी मंदिर हाथोज धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हाथोज धाम पीठाधीश्वर स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज के सानिध्य में आयोजित पंचदिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव के तहत दिनभर धार्मिक अनुष्ठान, गुरु पूजन, भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा गुरु मंत्र दीक्षा ग्रहण की।
महंत पुरुषोत्तम दास महाराज ने बताया कि प्रातःकाल सीताराम जी महाराज एवं श्री दक्षिणमुखी बालाजी महाराज का पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके साथ ही रक्षा सूत्र की भगवान की मनोरम झांकी सजाई गई। इसके बाद पूर्वाचार्यों का विधिवत पूजन संपन्न हुआ। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर गुरु वंदन तथा पूजा-अर्चना में शामिल हुए, जिससे पूरे परिसर में धार्मिक वातावरण बना रहा।
महोत्सव के दौरान आयोजित विशाल भंडारे में करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए श्री बालाजी जन कल्याण ट्रस्ट तथा स्वयंसेवकों ने विभिन्न स्थानों पर सेवाएं संभालीं, जिससे किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। समस्त आचार्य पूजन डॉ. जितेन्द्र जोशी द्वारा संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी भी श्री दक्षिणमुखी बालाजी मंदिर पहुंचीं। उन्होंने दर्शन कर राज्य सरकार के गुरु वंदन कार्यक्रम के तहत हाथोज धाम पीठाधीश्वर स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज का अभिनंदन किया। इस दौरान विश्व हिन्दू परिषद के संरक्षक जुगल किशोर, जिला प्रमुख जयपुर रामा चौपड़ा, प्रदेश मंत्री भाजपा राजस्थान अपूर्वा सिंह, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, राजकुमार देवायुष सिंह, पूर्व प्रदेश मंत्री युवा मोर्चा सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं भक्तों ने स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज का गुरु पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
दिनभर दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जिससे हाथोज धाम पूरी तरह श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। पंचदिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों, गुरु मंत्र दीक्षा, गुरु वंदन और विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
