पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर शनिवार को हाथोज धाम स्थित श्री दक्षिणमुखी बालाजी महाराज मंदिर में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक आयोजन के तहत बालाजी महाराज की भव्य एवं मनोहारी दिव्य झांकी सजाई गई, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर राष्ट्र, समाज एवं जनकल्याण की मंगलकामनाएं कीं। संध्या आरती के पश्चात मंदिर परिसर में उपस्थित भक्तों को प्रसाद स्वरूप पपीते का शेक वितरित किया गया, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्ति और सेवा भाव से परिपूर्ण रहा।

हाथोज धाम पीठाधीश्वर स्वामी श्री बालमुकुंदाचार्य महाराज ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के दौरान मंदिर में प्रत्येक मंगलवार एवं शनिवार को विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं प्रसाद वितरण जैसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती सहभागिता देखी जा रही है।

यह सभी धार्मिक कार्यक्रम बालाजी जन कल्याण ट्रस्ट, हाथोज धाम के तत्वावधान में संपन्न हो रहे हैं, जिनका उद्देश्य सनातन संस्कृति के संवर्धन एवं धार्मिक चेतना के प्रसार को सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बालाजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।

Next Story