जयपुर, 13 नवंबर 2026। भारतीय महिला क्रिकेट की पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर का वैक्स स्टैच्यू अब नाहरगढ़ किले की शान बनेगा। शुक्रवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी), जयपुर में हरमनप्रीत कौर ने स्वयं अपने आदमकद मोम के पुतले का अनावरण किया। पर्दा हटते ही पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस उपलब्धि के साथ हरमनप्रीत कौर दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं, जिनका वैक्स स्टैच्यू तैयार किया गया है। इसे स्थायी रूप से नाहरगढ़ फोर्ट स्थित हिस्टोरिका - स्टेप इनटू हिस्ट्री (पूर्व में जयपुर वैक्स म्यूजियम) में स्थापित किया जाएगा, जहां देश-विदेश से आने वाले पर्यटक इसे देख सकेंगे।

हिस्टोरिका के संस्थापक अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि हरमनप्रीत कौर का जीवंत और लाइफ-साइज वैक्स स्टैच्यू तैयार करने के लिए म्यूजियम की टीम ने उनसे मुलाकात कर विस्तृत माप लिए थे। इस दौरान उनकी तस्वीरें और वीडियो भी तैयार किए गए, ताकि प्रतिमा में उनके वास्तविक स्वरूप को सटीकता से उकेरा जा सके।

अनावरण समारोह में जयपुर के नन्हे-मुन्ने और युवा क्रिकेट खिलाड़ियों ने हाथों में बल्ले उठाकर हरमनप्रीत कौर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। बच्चों का यह सम्मान देखकर हरमनप्रीत भावुक हो गईं। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से बातचीत की, उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और मेहनत करने तथा अपने सपनों पर भरोसा बनाए रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में हरमनप्रीत कौर के जीवन पर आधारित एक भावनात्मक फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इसमें मोगा के छोटे से शहर से भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी तक के उनके सफर, संघर्ष और मेहनत को दर्शाया गया। फिल्म में वर्ष 2025 में भारतीय महिला टीम को पहला महिला वनडे विश्व कप खिताब दिलाने की ऐतिहासिक उपलब्धि को भी प्रमुखता से दिखाया गया। हरमनप्रीत की इसी ऐतिहासिक जीत और उपलब्धि को वैक्स स्टैच्यू के माध्यम से स्थायी पहचान देने का प्रयास किया गया है।

इस अवसर पर हिस्टोरिका की पहचान से जुड़े एक विशालकाय सैनिक स्टैच्यू का भी अनावरण किया गया। यह प्रतिमा शौर्य और राजस्थान की वीर परंपरा का प्रतीक है। समारोह के दौरान सैनिक प्रतिमा दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही और उपस्थित लोगों ने इसकी सराहना की। अब इसे भी नाहरगढ़ फोर्ट स्थित हिस्टोरिका में पर्यटकों के अवलोकन के लिए स्थापित किया जाएगा।

हिस्टोरिका म्यूजियम में पहले से ही महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली के वैक्स स्टैच्यू मौजूद हैं। हरमनप्रीत कौर की प्रतिमा शामिल होने के बाद यहां पुरुष और महिला क्रिकेट के दो विश्व कप विजेता कप्तानों के स्टैच्यू एक साथ नजर आएंगे। इनमें पुरुष क्रिकेट से एमएस धोनी और महिला क्रिकेट से हरमनप्रीत कौर शामिल हैं। म्यूजियम में इसके अलावा कल्पना चावला, साइना नेहवाल, मदर टेरेसा, राजमाता गायत्री देवी और हाड़ी रानी जैसी प्रेरणादायी महिलाओं की प्रतिमाएं भी पहले से स्थापित हैं।

हिस्टोरिका के संस्थापक अनूप श्रीवास्तव ने कहा, "हमारा उद्देश्य वैक्स स्टैच्यू के माध्यम से युवाओं को प्रेरित करना है, खासतौर से लड़कियों को खेल जगत के लिए प्रेरित करना है। हरमनप्रीत कौर का व्यक्तित्व युवा महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।"

उल्लेखनीय है कि हिस्टोरिका पहले जयपुर वैक्स म्यूजियम के नाम से जाना जाता था। अब इसे नए नाम 'हिस्टोरिका - स्टेप इनटू हिस्ट्री' के साथ नए अवतार में शुरू किया जा रहा है। 300 साल पुराने नाहरगढ़ किले में स्थित यह दुनिया का पहला मल्टी-एक्सपीरियंशियल हिस्ट्री म्यूजियम है। यहां चार प्रमुख आकर्षण राम प्रकाश टॉकीज, शीशमहल, द रॉयल दरबार और हॉल ऑफ आइकॉन्स हैं। शीशमहल का निर्माण 25 लाख से अधिक कांच के टुकड़ों से किया गया है, जबकि म्यूजियम में 48 से अधिक प्रमुख हस्तियों के स्टैच्यू मौजूद हैं। हरमनप्रीत कौर की प्रतिमा के जुड़ने से हिस्टोरिका में खेल जगत की एक और ऐतिहासिक उपलब्धि को स्थायी रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।

Next Story