रेल मंत्रालय ने स्थानीय निवासियों और प्रवासियों की लंबी मांग के बाद पाली जिले के हरिपुर स्टेशन पर दो मिनट के ठहराव की आधिकारिक स्वीकृति प्रदान की है।

ब्यावर-मारवाड़ जंक्शन रेल खंड पर स्थित जिले के रायपुर उपखंड के हरिपुर (एचपी) रेलवे स्टेशन पर अजमेर-मैसूर एक्सप्रेस (16209-16210) के दो मिनट के ठहराव को रेल मंत्रालय ने मंजूरी प्रदान कर दी है। यह महत्वपूर्ण निर्णय क्षेत्रीय रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद सामने आया है।

इस आशय की आधिकारिक जानकारी केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण एवं इलेक्ट्रॉनिकी एवं संचार प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पत्र के माध्यम से पाली सांसद पी.पी. चौधरी को दी है। पत्राचार के जरिए मिली इस स्वीकृति के बाद क्षेत्र में रेल सुविधा विस्तार की दिशा में इसे एक अहम कदम माना जा रहा है।

हरिपुर रेलवे स्टेशन के आसपास पीपलिया कलां, रायपुर, बर, कुशालपुर, रामपुर कलां एवं झूठा गांव स्थित हैं। इन गांवों के युवा एवं श्रमिक वर्ग आजीविका के लिए रेल मार्ग के माध्यम से सूरत, अहमदाबाद, पुणे एवं बेंगलूरू जैसे महानगरों में प्रवास करते हैं। ऐसे में अजमेर-मैसूर एक्सप्रेस का ठहराव स्थानीय यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।

रेलवे प्रशासन की ओर से अजमेर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय द्वारा इस ठहराव की अधिसूचना एवं ट्रेन के आगमन-प्रस्थान की संशोधित समय सारिणी शीघ्र जारी किए जाने की संभावना है। इससे पूर्व ग्रामीण एवं रेल यात्रियों द्वारा एक्सप्रेस के ठहराव की मांग को लेकर व्यापक स्तर पर पोस्टकार्ड लेखन जन अभियान भी चलाया गया था।

इस निर्णय से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ ही स्थानीय लोगों की लंबी दूरी की यात्रा और अधिक सुगम एवं सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story