एक करोड़ की अवैध शराब सहित दो तस्कर गिरफ्तार, 530 पेटी बरामद
हनुमानगढ़ में पुलिस ने एक करोड़ की चंडीगढ़ निर्मित अवैध शराब पकड़ी, 530 पेटियां और 25,440 पव्वों के साथ दो तस्कर गिरफ्तार।

तस्वीर में हनुमानगढ़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधिकारियों और गिरफ्तार तस्करों की टीम नजर आ रही है।
हनुमानगढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये कीमत की चंडीगढ़ निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब से भरे ट्रक को जब्त कर दो तस्करों दलीप उर्फ दीप निवासी नेतराना गोगामेड़ी और विक्रम निवासी नेतराना गोगामेड़ी को गिरफ्तार किया है। ट्रक से विभिन्न ब्रांड की कुल 530 पेटी शराब बरामद हुई, जिनमें 25,440 पव्वे शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि शराब को चंडीगढ़ से गुजरात सप्लाई करने की तैयारी थी।
हनुमानगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए शराब की पेटियों को ट्रक में फोम के गद्दों के नीचे छिपा रखा था। आरोपियों द्वारा चंडीगढ़ से अवैध शराब ट्रक के जरिए गुजरात ले जाने की योजना थी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नोहर श्रीमती गीता चौधरी, पुलिस वृत्ताधिकारी भादरा श्री कुलदीप सिंह के निकटतम सुपरविजन तथा थाना भादरा थानाधिकारी श्री राधेश्याम पुनी के नेतृत्व में पुलिस टीम 19 अगस्त 2026 की रात्रि कस्बा भादरा में गश्त कर रही थी। इसी दौरान श्री प्रवीण कुमार सजन, पुलिस थाना गोगामेड़ी एवं श्री सुरेन्द्र खीचड़, कानि. 815, एजीटीएफ टीम हनुमानगढ़ ने पुलिस को सूचना दी कि एक संदिग्ध ट्रक कस्बा भादरा की तरफ आ रहा है, जिसमें अवैध शराब भरी हुई है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कैनाल कॉलोनी, कस्बा भादरा के पास ट्रक नंबर RJ 49 GA 3114 को रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में फोम के गद्दों के नीचे छिपाकर रखी गई चंडीगढ़ निर्मित विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 530 पेटियां बरामद हुईं। इनमें ROYAL CHALLENGE एवं ALL SESSION सहित अन्य ब्रांड की कुल 25,440 पव्वे शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी दलीप उर्फ दीप के खिलाफ पूर्व में गुजरात राज्य के पुलिस थाना कटवारा में शराब तस्करी का प्रकरण दर्ज है। वह कुछ माह पूर्व ही जमानत पर बाहर आया था। दूसरे आरोपी विक्रम के खिलाफ भी पूर्व में पाली जिले के रोहट थाना में शराब तस्करी का प्रकरण दर्ज है। वह भी कुछ माह पूर्व जमानत पर बाहर आया था।
बरामद शराब के संबंध में पुलिस ने प्रकरण संख्या 328/2026, धारा 19/54 राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। शराब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ एवं विस्तृत अनुसंधान जारी है।
महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ हनुमानगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने कहा कि अवैध शराब एवं अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ हनुमानगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का विशेष फोकस अंतरराज्यीय सीमाओं से होने वाली अवैध शराब की आवाजाही पर है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
