हनुमानगढ़ पुलिस का बड़ा एक्शन: 50 हजार के इनामी इरफान खान समेत 8 आरोपी गिरफ्तार
हनुमानगढ़ में पुलिस ने फायरिंग मामले में 50 हजार के इनामी इरफान खान समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार और कारतूस बरामद किए।

राजस्थान पुलिस ने महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों पर नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए हनुमानगढ़ में बड़ी कार्रवाई की है। एसपी हनुमानगढ़ श्री बी. आदित्य के निर्देशन में पुलिस ने फायरिंग के मामले में वांछित हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर और 50 हजार रुपये के इनामी इरफान खान उर्फ फान सहित 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जान से मारने की नीयत से फायरिंग के मामले में वांछित आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसा है। इस मामले में पूर्व में 2 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 8 हथियार और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामद हथियारों में 1 पिस्टल और 5 देशी कट्टे शामिल हैं।
हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर इरफान खान उर्फ फान की गिरफ्तारी पर बीकानेर रेंज आईजी की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 10 अलग-अलग टीमों का गठन किया। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर सहित आसपास के क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सघन दबिश दी।
आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही टोल नाकों की जानकारी जुटाई गई और संदिग्धों से पूछताछ की गई। इन सभी के आधार पर आरोपियों का रूट मैप तैयार किया गया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने ए-श्रेणी की नाकाबंदी कर संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ाई। इसके साथ ही ड्रोन के माध्यम से खेतों और संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस के अनुसार, हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर इरफान खान उर्फ फान पर गंभीर धाराओं में 42 प्रकरण दर्ज हैं। उस पर नशा तस्करी सिंडिकेट से जुड़े होने का भी आरोप है। नशा तस्करी से अर्जित 3 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F के तहत पहले ही फ्रीज की जा चुकी है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद अब गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियारों के स्रोत को लेकर पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है। 8 आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी से फायरिंग मामले की जांच में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं।

