जयपुर, 13 अगस्त। हनुमानगढ़ पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत गुरुवार को दो बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के आर्थिक नेटवर्क पर शिकंजा कसा है। एक कार्रवाई में कुख्यात नशा तस्कर की 4 करोड़ 31 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की संपत्तियां फ्रीज की गईं, जबकि दूसरी कार्रवाई में विभिन्न थानों में जब्त 5 करोड़ 21 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण किया गया।

महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार तथा जिला पुलिस अधीक्षक श्री बी. आदित्य के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस थाना तलवाड़ा के हिस्ट्रीशीटर अपराधी मोहम्मद दीन उर्फ निक्कू खां द्वारा नशा तस्करी से अर्जित की गई लगभग 4 करोड़ 31 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की संपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत फ्रीज कर दिया गया।




अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविन्द एवं वृताधिकारी संगरिया श्री रमेश चंद्र माचरा के सुपरविजन में थानाधिकारी राजपाल सिंह मय टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद दीन निवासी तलवाड़ा झील की चक 1 टीएलडब्ल्यू-बी एवं चक 3 बीआरडब्ल्यू स्थित 20 बीघा कृषि भूमि तथा तलवाड़ा झील में बने 9 हजार वर्गफीट के दो मंजिला रिहायशी मकान को फ्रीज किया गया है।

वर्ष 2018 में दर्ज एक मामले की वित्तीय जांच में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद दीन पिछले करीब 23 वर्षों से नशा तस्करी में लिप्त है। वह अपनी पत्नी और बेटे समीर खान उर्फ सेम के साथ मिलकर नशीले पदार्थों की तस्करी का रैकेट चला रहा था। जांच में आरोपी का कोई वैध आय स्रोत नहीं मिला, जिससे यह सामने आया कि उक्त संपत्तियां अवैध व्यापार से अर्जित की गई थीं। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के 7 मामलों सहित कुल 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

इसी अभियान के तहत हनुमानगढ़ पुलिस ने विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 57 मामलों में जब्त करीब 5 करोड़ 21 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का भी नियमानुसार निस्तारण कराया। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय राजस्थान के निर्देशों की पालना में की गई।

एसपी श्री बी. आदित्य ने बताया कि रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्री महालक्ष्मी केम कार्बोनेट प्रा. लि. में जिला औषधि व्ययन समिति के सदस्यों अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविन्द एवं पुलिस निरीक्षक श्रीमती मोनिका बिश्नोई की उपस्थिति में निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की गई। पूरी प्रक्रिया की पारदर्शी तरीके से फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी करवाई गई।

निस्तारित किए गए मादक पदार्थों में चिट्टा/हेरोइन 1 किलो 864 ग्राम शामिल है, जिसका अनुमानित मूल्य 3 करोड़ 72 लाख रुपये है। इसके अलावा डोडा पोस्त 4 क्विंटल 9 किलो 784 ग्राम, जिसकी अनुमानित कीमत 61 लाख 50 हजार रुपये है, नष्ट किया गया। पुलिस ने 8,990 नशीली टेबलेट्स, जिनका अनुमानित मूल्य 36 लाख रुपये है, 363 नशीली शीशियां, जिनकी अनुमानित कीमत 1 लाख 50 हजार रुपये है, तथा 952 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये है, का भी नियमानुसार निस्तारण किया।

एसपी श्री आदित्य ने बताया कि हनुमानगढ़ पुलिस ने पिछले 5 महीनों के दौरान विभिन्न मामलों में जब्त किए गए कुल करीब 39 करोड़ रुपये मूल्य के अवैध मादक पदार्थों का नियमानुसार सफलतापूर्वक निस्तारण किया है। इनमें अफीम, डोडा पोस्त, चिट्टा, एमडी, गांजा और नशीली दवाइयां शामिल हैं।

नशा तस्करी से अर्जित संपत्ति पर कार्रवाई और जब्त मादक पदार्थों के नियमानुसार निस्तारण की इन दोनों कार्रवाइयों से अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत हनुमानगढ़ पुलिस की कार्रवाई का दायरा स्पष्ट होता है, जिसमें तस्करी के आर्थिक नेटवर्क पर कार्रवाई के साथ जब्त मादक पदार्थों का निस्तारण भी किया जा रहा है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story