उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेल संचालन को तीव्र एवं सुगम बनाने के प्रयासों के तहत हनुमानगढ़–गोगामेड़ी रेल खंड (100 किलोमीटर) पर महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है। उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल के अंतर्गत आने वाले हनुमानगढ़–गोगामेड़ी एकल लाइन खंड पर सेक्शनल स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा अनुमोदित की गई है।

गति क्षमता में वृद्धि के तकनीकी कारण

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार:

"हनुमानगढ़–गोगामेड़ी एकल लाइन खंड में गति क्षमता में बढ़ोतरी सिग्नलिंग प्रणाली के अपग्रेडेशन, विद्युतीकरण, ट्रैक उन्नयन, तकनीकी सुधारों तथा आवश्यक संरचनात्मक कार्यों के होने के फलस्वरूप की गई है।"

आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली स्थापित किए जाने से ट्रेन परिचालन अधिक संरक्षित और विश्वसनीय हुआ है। इसके साथ ही इस खंड पर कई गति प्रतिबंधों को भी हटाया गया है।

यात्रियों और क्षेत्रीय विकास पर प्रभाव

सेक्शन की गति बढ़ने से ट्रेनों के यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे यात्रियों को तीव्र और सुगम सफर का लाभ मिलेगा। वहीं, संरक्षा मानकों को और मजबूती मिलेगी। साथ ही इस रेल खंड पर आगामी समय में अधिक ट्रेनों का संचालन संभव हो सकेगा।

इस कार्य से क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। यह उपलब्धि उत्तर पश्चिम रेलवे के इन्फ़्रास्ट्रक्चर के आधुनिकीकरण और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story