जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में हनुमानगढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने और तस्करों की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने शातिर महिला नशा तस्कर जैबा बीबी का चक 11 आरपी स्थित करीब एक करोड़ रुपये अनुमानित कीमत का रिहायशी मकान एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत फ्रीज कर दिया।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद के निकटतम सुपरविजन और वृत्ताधिकारी मीनाक्षी के नेतृत्व में थानाधिकारी हनुमानगढ़ टाउन लखवीर सिंह की टीम ने की। पुलिस के अनुसार 8,160 वर्गफुट में बना यह मकान नशा तस्करी से अर्जित अवैध कमाई से तैयार किया गया था।

एसपी आदित्य ने बताया कि 60 वर्षीय जैबा बीबी पत्नी काले खां, निवासी चक 11 आरपी लखुवाली हेड, हनुमानगढ़ टाउन, अव्वल दर्जे की नशा तस्कर है। उसके दो बेटे इरफान खान उर्फ फान और अरबाज हनुमानगढ़ टाउन थाने के हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर हैं। दोनों के खिलाफ तीन दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले ही पुलिस ने इरफान का भी एक करोड़ रुपये का मकान फ्रीज किया था।

पुलिस के मुताबिक जैबा बीबी का तीसरा बेटा सलमान और बेटी रुकसाना उर्फ निक्की भी मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त हैं और उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज हैं। इस तरह आरोपिया के परिवार के कई सदस्य नशा तस्करी के मामलों में पुलिस कार्रवाई का सामना कर रहे हैं।

मामले की शुरुआत 14 जून 2026 को हुई, जब हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने आरोपी गुरतेज सिंह उर्फ फौजी के पास से 5.91 ग्राम हेरोइन बरामद कर प्रकरण दर्ज किया था। अनुसंधान के दौरान सामने आया कि गुरतेज सिंह जैबा बीबी के साथ मिलकर नशा तस्करी का सिंडिकेट चला रहा था। इसके बाद पुलिस ने सह-आरोपिया जैबा बीबी को गिरफ्तार किया।

पुलिस की वित्तीय जांच में सामने आया कि जैबा बीबी की कोई वैध आय का स्रोत नहीं है। जांच में यह भी सामने आया कि उसने लंबे समय से नशा तस्करी से अर्जित पैसों से 8,160 वर्गफुट का विशाल मकान बनाया था। पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर सक्षम प्राधिकारी के आदेशानुसार एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत मकान को फ्रीज करने की वैधानिक कार्रवाई की गई।

एसपी आदित्य ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से काली कमाई कर संपत्ति अर्जित करने वाले तस्करों को चिन्हित करने और उनकी संपत्तियों को फ्रीज व जब्त करने की कठोर दंडात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। हनुमानगढ़ पुलिस की यह कार्रवाई नशा तस्करी से जुड़ी अवैध संपत्तियों पर चल रहे अभियान में एक और महत्वपूर्ण कार्रवाई के रूप में सामने आई है।

Next Story