संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुरू किए गए "श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान" के तहत संत रविदास के विचारों, समरसता, सेवा, सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा। उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी।

डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने बताया कि भाजपा द्वारा 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक राष्ट्रव्यापी "श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान" शुरू किया गया है। अभियान का उद्देश्य संत रविदास के समरसता, सेवा, सामाजिक न्याय एवं राष्ट्र निर्माण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना और सामाजिक समरसता को और अधिक मजबूत बनाना है। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों और पार्टी कार्यकर्ताओं की व्यापक भागीदारी रहेगी।

उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 29 जुलाई को अभियान की शुरुआत संत रविदास महाराज की जन्मस्थली गोवर्धनपुर (वाराणसी) से हुई। यहां भव्य सभा और महाआरती के बाद प्रदेश का प्रतिनिधिमंडल पवित्र कलश लेकर राजस्थान के लिए रवाना हुआ। राजस्थान पहुंचने पर 30 जुलाई को भरतपुर, दौसा और जयपुर सहित करीब 54 विभिन्न स्थानों पर पवित्र कलश का भव्य स्वागत किया गया। जयपुर आगमन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों और हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में राजापार्क स्थित श्रीराम मंदिर में कलश का स्वागत किया गया।

उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने बताया कि अभियान के तहत 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रदेशभर में विभिन्न समाजों के संतों, महंतों और गुरुओं से व्यक्तिगत संपर्क कर उनका सम्मान किया जाएगा। साथ ही सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक गुरु रविदास समरसता यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न छात्रावासों में संत रविदास महाराज के चित्र और प्रेरक संदेशों के साथ समरसता संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों में युवाओं और विद्यार्थियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "विकसित भारत–2047" के संकल्प पर संवाद किया जाएगा। साथ ही सामाजिक समरसता, राष्ट्र निर्माण और युवाओं की सकारात्मक भूमिका पर चर्चा होगी। डॉ. बैरवा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा है कि गुरु रविदास ने अपना संपूर्ण जीवन जातिगत भेदभाव को समाप्त करने और समाज को जोड़ने के लिए समर्पित किया। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का संकल्प साकार हो सकता है।

भाजपा महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक भूपेंद्र सैनी ने बताया कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में "समरसता संकल्प अभियान" के तहत 5 अगस्त 2026 को जयपुर स्थित सवाई मानसिंह इंडोर स्टेडियम में सुबह 10:30 बजे प्रदेश स्तरीय पवित्र रज कलश वंदन समारोह आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली वाराणसी से प्राप्त पवित्र रज कलश 29 जुलाई को रवाना हुआ था और 30 जुलाई को राजस्थान पहुंचा। 5 अगस्त को आयोजित समारोह के बाद पवित्र रज का वितरण प्रदेश के सभी 25 लोकसभा क्षेत्रों में किया जाएगा। इसके बाद यह पवित्र रज सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों तथा मंदिरों तक पहुंचेगी, जहां संत श्री गुरु रविदास महाराज के समरसता, समानता, सामाजिक सद्भाव और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भूपेंद्र सैनी ने बताया कि एसएमएस स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, दीया कुमारी, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रदेश पदाधिकारी, जिला एवं मंडल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।

समारोह में 251 संत-महात्माओं का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश के 25 लोकसभा क्षेत्रों के लिए पवित्र रज कलशों का विधिवत पूजन और वितरण किया जाएगा। प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल और भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ भी उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story