गुप्त वृन्दावन धाम में मना गोवर्धन पूजा महोत्सव, 21 फीट के पर्वत की सजी भव्य झांकी
गुप्त वृन्दावन धाम में 21 फीट ऊंचे गोवर्धन पर्वत का पूजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान कृष्ण-बलराम को 56 भोग लगाकर अन्नकूट प्रसादी ग्रहण की।

गुप्त वृन्दावन धाम में गोवर्धन पूजा पर 21 फीट ऊंचे पर्वत की झांकी और 56 भोग सजे।
गोवर्धन पूजा के पावन पर्व पर गुप्त वृन्दावन धाम में भक्ति और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। यहां मथुरा के वृन्दावन की छटा साकार हो उठी। 21 फीट ऊंचे गोवर्धन पर्वत की भव्य झांकी में भगवान श्रीकृष्ण को अपनी बाईं हाथ की कनिष्ठा उंगली पर विशाल पर्वत धारण किए दर्शाया गया। इस दिव्य स्वरूप के दर्शन करते ही श्रद्धालु ‘गिरिराज गोवर्धन की जय’ के जयकारे लगाने लगे। जयघोष से पूरा धाम गुंजायमान हो उठा।
गोवर्धन पूजा महोत्सव के अवसर पर गुप्त वृन्दावन धाम में विशेष उत्सव आयोजित किया गया। इस दौरान 21 फीट ऊंचे गोवर्धन पर्वत का विधिवत पूजन किया गया। इस पर्वत का निर्माण भारत की पवित्र नदियों और तीर्थों के जल तथा गाय के गोबर से किया गया था। उत्सव के तहत भगवान श्री श्री कृष्ण बलराम का विशेष श्रृंगार भी किया गया।
महोत्सव का विशेष आकर्षण श्रद्धालुओं की ओर से तैयार किया गया छप्पन भोग रहा। भक्तों ने स्वयं श्री गिरिराज गोवर्धन को भोग अर्पित करने के लिए 56 प्रकार के भोजन और पकवान तैयार किए। इसके साथ ही गुप्त वृन्दावन धाम में श्रद्धालुओं के लिए अन्नकूट महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने भाग लिया।
इस अवसर पर गुप्त वृन्दावन धाम के अध्यक्ष अमितासना कृष्ण स्वामी ने गोवर्धन लीला का वर्णन करते हुए बताया कि महज सात वर्ष की आयु में भगवान श्रीकृष्ण ने अपने बाएं हाथ की कनिष्ठा उंगली पर विशाल गोवर्धन पर्वत धारण किया था। इंद्र द्वारा भेजे गए प्रलयंकारी तूफान और वर्षा से भगवान श्रीकृष्ण ने सात दिन तक अपने भक्तों की रक्षा की थी।
गोवर्धन पूजा के दौरान सजी भव्य झांकी, 56 प्रकार के पकवानों का भोग और अन्नकूट महाप्रसादी ने गुप्त वृन्दावन धाम को भक्ति के रंग में रंग दिया। पर्वत धारण किए भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप के दर्शन और गिरिराज के जयकारों के बीच पूरा परिसर वृन्दावन की आध्यात्मिक छटा से सराबोर नजर आया।

