गुंदोज-डेंडा सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग, फर्म पर पेनल्टी और ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत के निरीक्षण के बाद पीडब्ल्यूडी ने मेसर्स गुरु कंस्ट्रक्शन पर रिस्क एंड कोस्ट की कार्रवाई करते हुए नए टेंडर के आदेश दिए हैं।

पाली जिले के गुंदोज से डेंडा के बीच निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण करते अधिकारी और घटिया निर्माण के कारण क्षतिग्रस्त हुआ डामर मार्ग।
-गुदोंज से डेंडा के बीच सड़क निर्माण का मामला
-कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने स्वयं किया था निरीक्षण
निरीक्षण और जांच की कार्रवाई
सुमेरपुर, 22 फरवरी। सार्वजनिक निर्माण विभाग, पाली खण्ड कार्यालय के अधीन DMFT योजना में गुंदोज से डेंडा के बीच डामर सड़क का कार्य जांच में बेहद घटिया पाए जाने पर अजमेर की मेसर्स गुरु कंस्ट्रक्शन पर विभाग ने रिस्क एडं कोस्ट की कार्रवाई प्रस्तावित की है। स्थानीय विधायक व पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने इस निर्माणधीन सड़क का स्वयं निरीक्षण कर जांच के आदेश दिए थे।
परियोजना का विवरण और कंपनी की लापरवाही
- डीएमएफटी योजना में 353.41 लाख रुपए की लागत से गुन्दोज से डेडा के बीच करीब 7.2 किमी लंबी सड़क निर्माण का कार्यदेश 23 मार्च-2023 को मेसर्स गुरु कंस्ट्रक्शन, अजमेर को हुआ था।
- इस कार्यदेश के अनुसार फर्म को यह कार्य सात माह में पूरा करना था, मगर कार्य की गति इतनी धीमी थी कि उसे जून-2025 तक भी पूरा नहीं किया गया।
- कंस्ट्रक्शन कंपनी ने जून-2025 तक मेटल वर्क पूरा करके करीब चार किमी. तक डामरीकरण का कार्य ही किया था।
क्षतिग्रस्त सड़क और ग्रामीण शिकायत
इसी बीच मानसून में अतिवृष्टि से निर्माणाधीन सड़क के किनारे जलभराव होने एवं कंपनी द्वारा पटरी निर्माण में compaction नहीं किये जाने के फलस्वरूप सड़क के नीचे जल रिसाव होने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। इस पर ग्रामीणों ने इलाके के दौरे पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत से इसकी शिकायत की तो उन्होंने मौके पर सड़क का निरीक्षण किया और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को जांच के आदेश दिए।
गुणवत्ता जांच और सख्त आदेश
मंत्री के आदेश पर पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियन्ता सर्वे एव गुण नियंत्रण वृत जोधपुर ने जांच की। "जांच में पीडब्लयूडी ने यह कार्य नोर्म्स अनुसार गुणवत्तापूर्ण नहीं होना पाए जाने पर कंपनी के भुगतान पर रोक लगा दी।"
दोषी कंपनी पर कड़ा एक्शन
अब अति. मुख्य अभियन्ता सानिवि संभाग प्रथम जोधपुर ने इस कंपनी के विरूद्ध अनुबंध की धाराओं के तहत रिस्क एडं कोस्ट की कार्यवाही करते हुए कंपनी की अमानत राशि जब्त कर उस पर भारी पेनल्टी वसूलने के साथ नए सिरे से टेंडर कर अन्य फर्म से गुणवतापूर्ण कार्य करवाए जाने का आदेश दिया है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
