GSTF 2026: जयपुर में स्टोन फेयर की वेबसाइट लॉन्च, ऐसे करें रजिस्ट्रेशन
लघु उद्योग भारती और रीको के सहयोग से आयोजित होने वाले ग्लोबल स्टोन टेक्नोलॉजी फोरम के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गए हैं।

जयपुर के उद्योग भवन में रीको MD सुरेश ओला और अन्य अधिकारियों ने GSTF 2026 वेबसाइट लॉन्च की।
जयपुर में आगामी 16-17 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाले GSTF 2026 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। उद्योग भवन में आयोजित कार्यक्रम में रीको के प्रबंध निदेशक श्री सुरेश जी ओला ने GSTF की ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन वेबसाइट www.gstf.in का विधिवत लोकार्पण किया। इस आयोजन में 1000 से अधिक डेलीगेट्स के शामिल होने की संभावना के साथ देशभर के उद्यमियों और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी।
लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव श्री नरेश पारीक ने बताया कि वेबसाइट शुरू होने से उद्यमी, प्रदर्शक, प्रतिभागी और आगंतुक घर बैठे आयोजन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। वेबसाइट पर आयोजन से संबंधित सभी आवश्यक जानकारियां भी उपलब्ध रहेंगी, जिससे देश और प्रदेश के अधिक से अधिक लोग GSTF 2026 से जुड़ सकेंगे।
GSTF 2026 का आयोजन लघु उद्योग भारती के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य स्टोन इंडस्ट्री से जुड़े उद्यमियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाना है। इसमें देशभर के उद्यमियों और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी।
लघु उद्योग भारती के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं GSTF 2026 के कन्वीनर श्री नटवर लाल अजमेरा ने बताया कि यह आयोजन स्टोन इंडस्ट्री में मील का पत्थर साबित होगा। इसके तहत विश्वभर की नवीन तकनीकों के बारे में भारतीय उद्यमियों को जानकारी दी और समझाई जाती है। साथ ही उद्योग जगत से जुड़ी समस्याओं को सुनकर उनके समाधान का प्रयास भी किया जाता है।
वेबसाइट लोकार्पण कार्यक्रम में रीको के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर श्री आकाश जी तोमर, लघु उद्योग भारती की राष्ट्रीय सचिव श्रीमती अंजू सिंह, सी-डॉस (C-DOS) के वाइस चेयरमैन श्री दीपक जी अजमेरा, सी-डॉस के सीईओ श्री मुकुल जी रस्तोगी, लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्री योगेश जी गौतम, सी-डॉस के एग्जीक्यूटिव मेंबर श्री संजीव जी मोदी और सी-डॉस के सदस्य श्री दिनेश जी खेतान उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
GSTF 2026 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आयोजन से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक उद्यमी, प्रदर्शक, प्रतिभागी एवं आगंतुक www.gstf.in पर विजिट कर सकते हैं।

