वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू होने की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में बुधवार को 9वां जीएसटी दिवस "सुगम कर व्यवस्था, सशक्त भारत" विषय के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वाणिज्यिक कर विभाग की मुख्य आयुक्त श्रीमती आनंदी के नेतृत्व में कर भवन, मुख्यालय सहित विभाग के समस्त फील्ड कार्यालयों में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश दिया। इस दौरान मुख्य आयुक्त श्रीमती आनंदी ने कहा कि जीएसटी ने देश में एकीकृत एवं पारदर्शी कर व्यवस्था स्थापित कर व्यापार सुगमता को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि कर प्रशासन को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं करदाता-अनुकूल बनाने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक हैं। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अधिकाधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

वाणिज्यिक कर विभाग ने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया। जीएसटी दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम कर व्यवस्था में पारदर्शिता के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता का भी सशक्त संदेश बनकर सामने आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story