80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गृह रक्षा विभाग राजस्थान की ओर से गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र जयपुर में हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समादेष्टा गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र जयपुर श्रीमती स्वाति शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ।

इस अवसर पर श्रीमती शर्मा ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और गृह रक्षा स्वयंसेवकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अनुशासन, नागरिक जिम्मेदारी और राष्ट्र सेवा ही सशक्त भारत की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि गृह रक्षा स्वयंसेवकों की सेवाओं की बढ़ती मांग समाज और प्रशासन की ओर से उन पर जताए जा रहे विश्वास का प्रतीक है।

श्रीमती शर्मा ने स्वयंसेवकों से अनुशासन, निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने स्वयंसेवकों के कल्याण और समय पर भुगतान को विभाग की प्राथमिकता बताते हुए जानकारी दी कि एचडीएमएस में जल्द ही अटेंडेंस और बिलिंग मॉड्यूल शुरू किए जाएंगे। उन्होंने भविष्य में मोबाइल ऐप के माध्यम से ड्यूटी संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।

समारोह के दौरान गृह रक्षा विभाग की ओर से तिरंगा बाइक रैली का आयोजन भी किया गया। रैली गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र से शुरू होकर स्टैच्यू सर्किल और अमर जवान ज्योति तक पहुंची। इसके बाद रैली वापस गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र लौटी। इसमें शामिल गृह रक्षा स्वयंसेवकों ने उत्साह के साथ देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।







श्रीमती शर्मा ने गृह रक्षा स्वयंसेवकों से रक्तदान, वृक्षारोपण और जन-जागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के अंत में कंपनी कमांडर श्री सत्यनारायण सिंह ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और गृह रक्षा स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्र के प्रति समर्पण, सेवा और गौरव की भावना के साथ हुआ।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story