ग्रीनफिट मैराथन सीजन-3 का पोस्टर जारी, 7,000 से अधिक लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन
जयपुर में 27 सितंबर को होने वाली ग्रीनफिट मैराथन सीजन-3 के लिए 7,000 से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। सांसद मंजू शर्मा ने पोस्टर का विमोचन किया। आयोजन में 21, 10, 5 और 3 किमी की श्रेणियां होंगी।

तस्वीर में बाएं से दाएं अजय अग्रवाल, वीरेंद्र सिंह, सांसद मंजू शर्मा और लेफ्टिनेंट कर्नल वी.पी. सिंह (सेवानिवृत्त) जयपुर में ग्रीनफिट मैराथन सीजन-3 के पोस्टर का विमोचन करते हुए नजर आ रहे हैं।
ग्रीनफिट मैराथन सीजन-3 को लेकर जयपुर में प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। 27 सितंबर 2026 को विद्याधर नगर, जयपुर में आयोजित होने वाली इस मैराथन के लिए अब तक 7,000 से अधिक प्रतिभागी रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। आयोजन फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर किया जा रहा है।
जयपुर सांसद श्रीमती मंजू शर्मा ने ग्रीनफिट मैराथन सीजन-3 के पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने फिटनेस एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर ग्रीनफिट फाउंडेशन की पहल की सराहना की।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर ग्रीनफिट फाउंडेशन के संस्थापक वीरेंद्र सिंह, मेंटर अजय अग्रवाल और रेस डायरेक्टर लेफ्टिनेंट कर्नल वी.पी. सिंह (सेवानिवृत्त) भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मैराथन को बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है और जयपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में प्रतिभागी इसमें जुड़ रहे हैं।
ग्रीनफिट फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस मैराथन में युवाओं, रनिंग कम्युनिटी, कॉर्पोरेट्स, विद्यार्थियों, परिवारों और फिटनेस प्रेमियों की भागीदारी हो रही है। मैराथन में 21 किमी, 10 किमी, 5 किमी और 3 किमी की विभिन्न श्रेणियां रखी गई हैं।
आयोजकों के अनुसार, 27 सितंबर की तारीख नजदीक आने के साथ रजिस्ट्रेशन की संख्या और लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। इस वर्ष आयोजन को और व्यापक स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।
ग्रीनफिट मैराथन का उद्देश्य लोगों को दौड़ने के लिए प्रेरित करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता को जन आंदोलन का रूप देना है। “स्वस्थ भारत, हरित भारत — एक जन आंदोलन” के संदेश के साथ 27 सितंबर को आयोजित होने वाली ग्रीनफिट मैराथन हजारों प्रतिभागियों को एक मंच पर जोड़ने जा रही है।

