जयपुर। राजधानी जयपुर में शनिवार को कानूनी विवादों के समाधान में नई क्रांति की शुरुआत करते हुए आधुनिक सुविधाओं से लैस आर्बिटेशन सेंटर अकॉर्ड हब का उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि पूर्व जस्टिस अतुल कुमार जैन ने फीता काटकर इस केंद्र का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एच. सी. गणेशिया, उपभोक्ता फोरम के चेयरमैन देवेंद्र मोहन माथुर, वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप पाठक, तथा कई न्यायाधीश और अधिवक्ता उपस्थित रहे। राजस्थान हाईकोर्ट के जस्टिस अजय रस्तोगी ने इस आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

लालकोठी स्थित कैलाश टावर में स्थापित इस केंद्र को बनाने वाली कंपनी अकॉर्ड हब के सीईओ चित्रित गुप्ता ने अतिथियों को प्रजेंटेशन के माध्यम से विस्तारपूर्वक बताया कि यह केंद्र देश का पहला विधिक रूप से नियोजित, उद्देश्यपरक और पूर्णतः सुसज्जित ADR (वैकल्पिक विवाद निपटान) केंद्र है। उन्होंने बताया कि अकॉर्ड हब आधुनिक कानूनी आवश्यकताओं, अंतरराष्ट्रीय मानकों और भारतीय न्यायिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है।

चित्रित गुप्ता ने कहा कि यह केंद्र मध्यस्थता, सुलह और समझौता सेवाओं के लिए एक पूर्णतः डिजिटल, सुव्यवस्थित और उपयोगकर्ता-केंद्रित मंच प्रदान करता है। वेबसाइट www.accordhub.in

के माध्यम से 24×7 ऑनलाइन बुकिंग, कक्षों की उपलब्धता और व्यक्तिगत एवं समूह उपयोग की जानकारी सहज रूप से प्राप्त की जा सकती है।

अकॉर्ड हब में स्थित “बृहस्पति कक्ष” और “कौटिल्य कक्ष” सप्ताह के सातों दिन 24×7 उपयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे। ये कक्ष आधुनिक तकनीक, गोपनीयता, ध्वनि नियंत्रण और सौम्य वातावरण से युक्त हैं, जिससे विवादों का निष्पक्ष, निर्वाध और प्रभावी समाधान संभव हो सके। यहाँ विधि विशेषज्ञ, सेवानिवृत्त न्यायाधीश और अधिवक्ता पक्षकारों को शांतिपूर्ण वातावरण में आपसी समझौता और मध्यस्थता के माध्यम से विवाद निपटान की सुविधा प्रदान करेंगे।

चित्रित गुप्ता ने यह भी बताया कि अकॉर्ड हब का स्थान जयपुर के न्यायिक केंद्र क्षेत्र में अत्यंत सुविधाजनक है। यह राजस्थान उच्च न्यायालय, पारिवारिक न्यायालय और अधिवक्ता चैंबरों से पैदल दूरी पर स्थित है, साथ ही जिला न्यायालय परिसर से भी निकटता रखता है। क्षेत्र का सार्वजनिक एवं निजी परिवहन से जुड़ाव इसे अधिवक्ताओं, मध्यस्थों और संस्थागत उपयोगकर्ताओं के लिए और भी सुगम बनाता है।

संपूर्ण डिजिटल कार्यप्रणाली अपनाने से अकॉर्ड हब में गोपनीयता, डेटा सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित होती है। कागजी कार्यवाहियों पर निर्भरता कम करते हुए डिजिटल अभिलेख सुरक्षित रूप से संरक्षित किए जाते हैं। यह केंद्र कानूनी विवादों के निपटान में सुव्यवस्थित, भरोसेमंद और आधुनिक विकल्प के रूप में प्रदेश की न्यायिक परंपरा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story