राज्य सरकार द्वारा आमजन को उनके अधिकारों से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित ‘ग्रामीण सेवा शिविर 2026’ का आयोजन सोमवार को ग्राम पंचायत ईटावा भोजजी में किया गया। यह शिविर स्थानीय निवासी कमलेश कुमार सोनी के लिए एक नई उम्मीद और सुखद भविष्य का मार्ग प्रशस्त करने वाला सिद्ध हुआ। जन्म के बाद से ही अपनी पैतृक जमीन के पट्टे के लिए संघर्ष कर रहे कमलेश कुमार का मालिकाना हक पाने का वर्षों पुराना सपना इस शिविर के माध्यम से साकार हो गया।

कमलेश कुमार सोनी, जो रामगोपाल सोनी के पुत्र हैं, लंबे समय से अपनी आवासीय भूमि के पट्टे के लिए प्रयासरत थे। इस दिशा में उन्होंने ग्राम पंचायत से विधिवत संपर्क स्थापित कर अपनी समस्या रखी। शिविर में मौजूद विभागीय अधिकारियों ने प्रकरण की गंभीरता को समझते हुए निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया। सभी आवश्यक औपचारिकताओं के उपरांत, ग्राम पंचायत द्वारा कमलेश कुमार को उनकी भूमि का पट्टा जारी कर दिया गया। शिविर स्थल पर ही यह पट्टा उन्हें सौंपते हुए कानूनी रूप से जमीन का मालिकाना हक प्रदान किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कमलेश ने भावुक होकर कहा कि ये शिविर वास्तव में उन गरीबों के लिए वरदान हैं जो अपनी छोटी-छोटी जरूरतों और अधिकारों के लिए वर्षों से प्रतीक्षारत थे। उन्हें अब अपनी पुश्तैनी जमीन पर पूर्ण मालिकाना हक मिल गया है, जिससे उनके परिवार का भविष्य सुरक्षित हो गया है। ईटावा भोजजी में आयोजित इस शिविर ने न केवल सरकारी योजनाओं की पहुंच को सुलभ बनाया, बल्कि एक व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाते हुए प्रशासन के प्रति आमजन के भरोसे को और अधिक मजबूत किया है।

Next Story