जयपुर ग्रामीण सेवा शिविर में राजस्व रिकॉर्ड की त्रुटि तत्काल सुधरी, किसानों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत
जयपुर के ग्राम पंचायत भटेरी में ग्रामीण सेवा फॉलोअप शिविर-2026 के दौरान राजस्व रिकॉर्ड की त्रुटि तत्काल सुधारी गई, जिससे किसानों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ।

जयपुर जिला कलेक्ट्रेट के सभागार में अधिकारियों की बैठक आयोजित होती हुई।
राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा फॉलोअप शिविर-2026 आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इसी क्रम में पंचायत समिति तूंगा की ग्राम पंचायत भटेरी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज त्रुटि का मौके पर ही निराकरण कर किसानों को बड़ी राहत प्रदान की गई।
ग्राम प्रेमपुरा निवासी बाबूलाल, अर्जुन और राधेश्याम ने अपनी खातेदारी कृषि भूमि से संबंधित राजस्व अभिलेखों में दर्ज अशुद्धि को दूर कराने के लिए शिविर में आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि रिकॉर्ड में त्रुटि होने के कारण उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के साथ-साथ अन्य राजस्व संबंधी कार्यों में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
फॉलोअप शिविर में भू-अभिलेख निरीक्षक और पटवारी ने मौके पर ही जांच कर आवश्यक रिपोर्ट प्रस्तुत की। जांच के दौरान प्रकरण नियमानुसार शुद्धि योग्य पाया गया, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज अशुद्धि का तत्काल संशोधन कर दिया गया। इससे लाभार्थियों की वर्षों से चली आ रही समस्या का मौके पर ही समाधान हो गया। इस दौरान प्रशासक वेदराज बैरवा सहित सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
समस्या का समाधान होने पर लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार और ग्रामीण सेवा शिविर में कार्यरत अधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से उनकी लंबे समय से लंबित समस्या का त्वरित समाधान हुआ है, जिससे अब राजस्व संबंधी कार्यों के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
