आपसी सहमति से सुलझा वर्षों पुराना भूमि विवाद, जयपुर में ग्रामीण सेवा शिविर से राहत
जयपुर के तहसील तूंगा स्थित ग्राम पंचायत नगराजपुरा में ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के दौरान वर्षों पुराने भूमि विवाद का आपसी सहमति से समाधान हुआ। खसरा संख्या 102 की सह-खातेदारी भूमि का तकासमा कर दोनों पक्षों को राहत मिली।

तस्वीर में ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान नगराजपुरा में अधिकारी और ग्रामीण हाथ में दस्तावेज थामे नजर आ रहे हैं।
जयपुर, 03 अगस्त। राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 आमजन की वर्षों पुरानी समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान का माध्यम बन रहे हैं। इसी कड़ी में तहसील तूंगा की ग्राम पंचायत नगराजपुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में सह-खातेदारों के बीच लंबे समय से चले आ रहे भूमि विवाद का आपसी सहमति से समाधान कर बड़ी राहत प्रदान की गई।
ग्राम नगराजपुरा निवासी मधुसूदन पुत्र मोहनलाल एवं रमेश चंद पुत्र घीस्या की कृषि भूमि खसरा संख्या 102 से संबंधित सह-खातेदारी भूमि को लेकर विवाद लंबे समय से लंबित था। भूमि विभाजन नहीं होने के कारण दोनों पक्षों को कृषि कार्य, राजस्व संबंधी कार्यों और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीण सेवा शिविर में राजस्व अधिकारियों ने मामले का परीक्षण किया और राजस्व अभिलेखों के आधार पर आपसी सहमति से तकासमा (विभाजन) की कार्रवाई पूरी कराई। कार्रवाई पूरी होने के बाद वर्षों से चला आ रहा भूमि विवाद समाप्त हो गया तथा दोनों सह-खातेदारों को अपनी-अपनी भूमि पर पृथक अधिकार प्राप्त हो गया।
समस्या का समाधान होने पर लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार और ग्रामीण सेवा शिविर में कार्यरत अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से वर्षों पुरानी समस्या का त्वरित समाधान हुआ है, जिससे अब कृषि कार्यों, ऋण, सरकारी योजनाओं और अन्य राजस्व संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी।
ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के माध्यम से भूमि विवाद के समाधान से सह-खातेदारों को राहत मिली है और राजस्व संबंधी प्रक्रिया आपसी सहमति के आधार पर पूरी कर वर्षों से लंबित मामले का निस्तारण किया गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
