जयपुर में ग्राम-2026 का कर्टेन रेज़र और ओरिएंटेशन वर्कशॉप 10 अप्रैल को
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 'ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट' के लोगो और वेबसाइट का लोकार्पण करेंगे, कृषि क्षेत्र में निवेश और नवाचार पर केंद्रित होगा आयोजन।

जयपुर, 08 अप्रैल, 2026: राजस्थान को कृषि एवं एग्रीटेक क्षेत्र में निवेश और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026’ के अंतर्गत 10 अप्रैल को जयपुर में कर्टेन रेज़र समारोह एवं ओरिएंटेशन वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम की रूपरेखा और मुख्य अतिथि
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान ‘ग्राम–2026’ की रूपरेखा, उद्देश्यों एवं संभावनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही कार्यक्रम के लोगो, ब्रोशर एवं आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण भी किया जाएगा। कार्यक्रम में राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा शिरकत करेंगे साथ ही कृषि मंत्री डॉ किरोड़ीलाल मीणा एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
निवेश और संवाद का सशक्त मंच
आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए कृषि एवं उद्यानिकी एवं पंचायती राज (कृषि) विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमति मंजू राजपाल ने बताया: "यह आयोजन राज्य में कृषि, पशुपालन, डेयरी, एग्री-इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं वैल्यू चेन से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को प्रस्तुत करने और निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों, नीति निर्माताओं तथा किसानों के बीच संवाद को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण मंच होगा।"
ओरिएंटेशन वर्कशॉप और विषयगत सत्र
ओरिएंटेशन वर्कशॉप के अंतर्गत विभिन्न विषयगत सत्रों जिन्हें क्लस्टर्स कहा गया है, उनके माध्यम से कृषि क्षेत्र के प्रमुख आयामों पर चर्चा की जाएगी। इनमें मुख्य रूप से सस्टेनेबल खेती, फसल प्रबंधन, पशुपालन एवं डेयरी विकास, एग्री-लॉजिस्टिक्स, पोस्ट-हार्वेस्ट प्रबंधन तथा इन्फ्रास्ट्रक्चर और गवर्नेंस से जुड़े मुद्दे शामिल रहेंगे। इन सत्रों में देश की अग्रणी एग्रीटेक कंपनियों, उर्वरक एवं मशीनरी क्षेत्र, डेयरी उद्योग, स्टार्टअप्स तथा कृषि विशेषज्ञों द्वारा अपने अनुभव एवं नवाचार साझा किए जाएंगे, जिससे राज्य में आधुनिक कृषि तकनीकों और बेहतर प्रबंधन प्रणालियों को बढ़ावा मिलेगा।
आगामी कार्यक्रम और रोडशो का विवरण
ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)–2026 का मुख्य आयोजन 23 से 25 मई को जयपुर में किया जाएगा। 'ग्राम’ में निवेशकों, एग्री-उद्यमियों, एग्रीटेक डेवलपर्स, शोधकर्ताओं, नीति निर्माताओं और किसानों की भागीदारी अपेक्षित है। इसकी पूर्व तैयारियों के क्रम में देश के विभिन्न शहरों में रोडशो आयोजित होंगे। ये रोडशो जयपुर सहित 17 अप्रैल को दिल्ली, 24 अप्रैल को अहमदाबाद, 6 मई को हैदराबाद तथा 8 मई को पुणे में आयोजित होंगे। ग्राम-2026 में देश एवं विदेश की कृषि एवं एग्रीटेक से जुड़ी हुई 100 से अधिक कंपनियों तथा साउथ एशिया, यूरोप, उत्तर और दक्षिण अमेरिका के कई सारे साझेदार देशों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
