राज्यपाल हरिभाऊ बागडे बोले- लोक कल्याण ही सनातन संस्कृति का मूल भाव है
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने पाली के सादड़ी में आयोजित नागेश्वर महादेव प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में भाग लिया। उन्होंने सनातन मूल्यों के संरक्षण पर जोर दिया।

तस्वीर में (बाएं से दाएं) लाल कुर्ता पहने एक व्यक्ति, गुलाबी सदरी और सफेद कुर्ता पहने राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और पारंपरिक वेशभूषा में एक पुजारी पाली के सादड़ी में रुद्राक्ष से बनी विशाल कलाकृति के पास धार्मिक अनुष्ठान करते नजर आ रहे हैं।
जयपुर/पाली, 25 जून। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने कहा है कि सनातन संस्कृति का मूल भाव व्यक्तिगत स्वार्थ नहीं, अपितु लोक कल्याण है। पाली जिले के सादड़ी में आयोजित श्री नागेश्वर महादेव एवं शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान राज्यपाल ने सनातन परंपराओं को सर्व कल्याण का पर्याय बताते हुए जनमानस का आह्वान किया कि वे समग्र कल्याण के संकल्प के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
अखिल भारतवर्षीय धर्मसंघ एवं स्वामी करपात्री फाउण्डेशन के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में 12 ज्योतिर्लिंग महिमा एवं 21 कुण्डीय विलक्षण महारुद्र महायज्ञ का आयोजन किया गया। राज्यपाल श्री बागडे ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान शक्ति और भक्ति की पावन धरा है, जहाँ की परंपराएं विश्व की प्राचीनतम सांस्कृतिक धरोहर को जीवंत रखती हैं। उन्होंने भगवान शिव की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और सिंधु घाटी सभ्यता के मोहनजोदड़ो में प्राप्त चिन्हों के माध्यम से भारतीय सनातन संस्कृति की निरंतरता एवं गहराई पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही, उन्होंने भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और धार्मिक मूल्यों के संरक्षण को वर्तमान समय की महती आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर श्री नागेश्वर महादेव के दर्शन किए। उन्होंने संत-महात्माओं का सानिध्य प्राप्त किया, यज्ञशाला में आहुतियां दीं और रुद्राक्ष से निर्मित शिवलिंग के दर्शन कर मंगल कामना की। इस दौरान उन्होंने गोसेवा और जीव सेवा का संदेश देते हुए गाय और घोड़े को लापसी एवं चारा भी खिलाया। इस अवसर पर बाली विधायक श्री पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस गरिमामयी समारोह में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
