जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल श्री हरिभाऊ किशन राव बागड़े ने आज जयपुर में आयोजित अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के 26वें राष्ट्रीय अधिवेशन का भव्य उद्घाटन किया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह की शुरुआत हुई और राष्ट्रगान के मधुर स्वर वातावरण को अत्यंत सम्मानजनक बना दिया।

अधिवेशन के प्रारंभ में परिषद की डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई, जिसमें पूर्व सैनिकों की बहादुरी और देश सेवा के प्रेरणादायक क्षणों को दर्शाया गया। इसके पश्चात लेफ्टिनेंट जनरल वीके चतुर्वेदी, पीवीएसएम, वीएसएम, एसएम ने स्वागत उद्बोधन में दूर-दूर से आए रणबांकुरों का हार्दिक अभिनंदन किया। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय अधिवेशन में लेफ्टिनेंट जनरल एच एस वांद्रा, एसएम ने पूर्व सैनिकों के लिए चलायी जा रही योजनाओं और उनके लाभों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।

राज्यपाल श्री बागड़े ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रप्रेम और सैनिकों के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने सैनिकों के कठिन परिस्थितियों में भी समर्पित सेवा करने के साहस की सराहना की और कहा कि यही तपस्या हमें सुरक्षित जीवन प्रदान करती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पूर्व सैनिक अपनी सैन्य सेवा पूरी करने के बाद भी देश सेवा में निरंतर योगदान दे रहे हैं और हम सभी को उनसे राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा लेनी चाहिए।

उद्घाटन सत्र के समापन पर राजस्थान प्रांत अध्यक्ष मेजर जनरल अनुज माथुर, वीएसएम ने उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अधिवेशन ने पूर्व सैनिकों की सेवा और देशभक्ति की महत्ता को उजागर करने के साथ ही उनके लिए विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story