जैन धर्म की अहिंसा व अपरिग्रह अपनाएं: चाकसू में बोले राज्यपाल बागडे
ग्राम निमोडिया में आचार्य प्रज्ञासागर के सान्निध्य में आयोजित पिच्छी परिवर्तन महोत्सव में शामिल होकर राज्यपाल ने इसे युवाओं को संस्कृति से जोड़ने का माध्यम बताया।

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने चाकसू के निमोडिया में जैन संत आचार्य प्रज्ञासागर महाराज से आशीर्वाद लिया।
जयपुर, 15 नवंबर। जैन धर्म की अहिंसा, सहिष्णुता और अपरिग्रह की परंपराओं को आत्मसात करने का संदेश देते हुए राज्यपाल हरिभाऊ बागडे रविवार को चाकसू तहसील के ग्राम निमोडिया पहुंचे। यहां उन्होंने जैन संत आचार्य प्रज्ञासागर जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित चातुर्मास समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर आयोजित पिच्छी परिवर्तन महोत्सव में शामिल होकर उन्होंने इसे युवाओं को धर्म और संस्कृति से जोड़ने का अपूर्व अवसर बताया।
राज्यपाल श्री बागडे ने कहा कि जैन धर्म केवल धर्म नहीं, बल्कि संस्कृति है। इसकी अहिंसा, सहिष्णुता और अपरिग्रह जैसी शिक्षाएं जीवन में अपनाने योग्य हैं। उन्होंने सभी से जैन धर्म के इन संदेशों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान राज्यपाल पिच्छी परिवर्तन की धार्मिक परंपरा के भी साक्षी बने। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने आचार्य, मुनिराज और आर्यिका माताजी को नई पिच्छी भेंट की तथा उनकी पुरानी पिच्छी प्रसाद स्वरूप प्राप्त की।
राज्यपाल ने जैन साधु-साध्वियों द्वारा अपने साथ मोर के पंखों से बनी पिच्छी रखने की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके पीछे सूक्ष्म जीवों को भी किसी प्रकार का कष्ट नहीं पहुंचाने की भावना निहित है। उन्होंने इस सोच को धर्म की उदात्त दृष्टि बताया।
इस दौरान राज्यपाल श्री बागडे ने आचार्य प्रज्ञासागर जी महाराज सहित अन्य साधु-साध्वियों को प्रणाम निवेदित किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। पिच्छी परिवर्तन महोत्सव के माध्यम से अहिंसा, जीवदया और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं का संदेश समारोह का प्रमुख केंद्र रहा।

