जयपुर, 24 जुलाई। राज्यपाल श्री हरिभाऊ बागडे ने नशामुक्ति को लेकर सभी स्तरों पर जवाबदेही तय करने पर जोर देते हुए मुख्य सचिव स्तर पर त्वरित परिपत्र जारी करने और प्रदेश में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नशामुक्त राजस्थान के तहत पूरे प्रदेश में एक माह का विशेष अभियान चलाने का आह्वान भी किया।

राज्यपाल श्री बागडे शुक्रवार को लोकभवन में मादक पदार्थों के नियंत्रण, नशामुक्त भारत के प्रभावी क्रियान्वयन तथा भावी कार्ययोजना की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि यदि किसी भी सरकारी विभाग में कोई कर्मचारी नशे में लिप्त पाया जाता है तो उसे तत्काल निलंबित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालयों में यह सुनिश्चित किया जाए कि मादक पदार्थों का सेवन करने वालों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

उन्होंने सीमा क्षेत्रों से ड्रोन के माध्यम से नशीले पदार्थों की तस्करी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इस संबंध में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। राज्यपाल ने निर्देश दिए कि राज्य के किसी भी तहसील, गांव या कस्बे में यदि नशीले पदार्थ पकड़े जाते हैं तो वहां के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा की जाए तथा इस संबंध में उनकी भी जवाबदेही तय की जाए।

राज्यपाल ने कहा कि पुलिस विभाग बड़े-बड़े होटलों और सार्वजनिक स्थानों पर निगरानी रखते हुए नशामुक्ति अभियान के तहत गंभीरता से कार्रवाई करे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से स्वयं भी सजग रहने, नशे से दूर रहने तथा मादक पदार्थों के उपयोग को रोकने के लिए निरंतर कार्रवाई करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने एक ओर नशामुक्ति अभियान चलाने और दूसरी ओर शराब की बिक्री से बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि स्कूलों में नैतिक मूल्यों के प्रसार को बढ़ावा देकर ही समाज में मादक पदार्थों के सेवन की प्रवृत्ति को रोका जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशा आग है, यह तेजी से फैलती है, इसलिए इसे रोका जाना चाहिए।

बैठक में मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने कहा कि केंद्र सरकार की पहल पर नशामुक्ति अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान और मादक पदार्थ नियंत्रण के लिए राजस्थान में तय प्राथमिकताओं की जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक श्री राजीव शर्मा ने पुलिस विभाग द्वारा नशामुक्ति के लिए किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया। इससे पूर्व पुलिस महानिरीक्षक श्री विकास कुमार ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, राजस्थान में नशीले पदार्थों की तस्करी तथा उसकी रोकथाम के लिए चलाए गए अभियानों पर विस्तार से प्रस्तुतिकरण दिया। बैठक में बड़ी संख्या में अधिकारी उपस्थित रहे।

इससे पूर्व राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी ने विभिन्न विभागों द्वारा नशामुक्ति और मादक पदार्थ नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में नशामुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, मादक पदार्थों की रोकथाम तथा भावी कार्ययोजना पर विस्तृत समीक्षा की गई।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story