जयपुर। सुशासन को केवल एक सरकारी अवधारणा न मानकर उसे आमजन के जीवन में प्रत्यक्ष अनुभव बनाने के उद्देश्य से जयपुर जिला प्रशासन ने सुशासन सप्ताह के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण पहल की। 19 से 25 दिसम्बर 2025 तक आयोजित सुशासन सप्ताह के तहत मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासनिक पारदर्शिता, समयबद्ध सेवा और जनकल्याण को केंद्र में रखा गया।

कार्यशाला के मुख्य अतिथि भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी एवं जयपुर के पूर्व पुलिस आयुक्त डॉ. बी.एल. सोनी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने की। कार्यशाला में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों, उपखण्ड अधिकारियों और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

अपने प्रेरक उद्बोधन में डॉ. बी.एल. सोनी ने सुशासन की मूल भावना को रेखांकित करते हुए कहा कि शासन तभी सार्थक है, जब आम नागरिक का वैध कार्य बिना किसी बाधा के निर्धारित समय में पूर्ण हो। उन्होंने कहा कि सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं का प्रभाव तभी दिखाई देता है, जब उनका व्यापक प्रचार-प्रसार हो और समाज के अंतिम व्यक्ति तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचे। डॉ. सोनी ने स्पष्ट किया कि संविधान को अपना धर्म मानकर ईमानदारी, निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना ही लोकसेवा की सच्ची पहचान है।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना, सकारात्मक दृष्टिकोण, पारदर्शिता और मानवीय व्यवहार को अपने दैनिक कार्यों का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उनका कहना था कि मुस्कान और संवेदनशीलता के साथ यदि पीड़ित और जरूरतमंद को समय पर न्याय मिलता है, तभी सुशासन की अवधारणा सजीव रूप लेती है।

कार्यशाला के दौरान जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी की उपस्थिति में अधिकारियों ने जिले में संचालित नवाचारों की विस्तृत जानकारी पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से साझा की। इनमें रास्ता खोलो अभियान, सक्षम जयपुर, बिटिया गौरव तथा नरेगा आखर अभियान जैसे जनहितकारी प्रयासों के उद्देश्य, क्रियान्वयन और अब तक प्राप्त उपलब्धियों को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रथम श्रीमती विनिता सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर चतुर्थ श्री आशीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर तृतीय श्री संजय कुमार माथुर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर जयपुर शहर दक्षिण, उपखण्ड अधिकारी जयपुर शहर श्री राजेश कुमार जाखड़, जिला रसद अधिकारी श्रीमती संघमित्रा बड़ाया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सुशासन सप्ताह के अंतर्गत आयोजित यह कार्यशाला न केवल प्रशासनिक दायित्वों की पुनर्स्मृति बनी, बल्कि यह संदेश भी स्पष्ट रूप से सामने आया कि सुशासन की सफलता का वास्तविक पैमाना आमजन का विश्वास और संतोष है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story